Muzaffarpur News: आरपीएफ का बड़ा एक्शन, बातों में उलझाकर जंक्शन पर गहने उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

Muzaffarpur News: आरपीएफ ने महिला यात्री के गहने और मोबाइल चोरी करने वाले शातिर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 2 लाख रुपये के सामान बरामद हुए हैं. वह यात्री को बातों में उलझाकर चोरी कर रहा था. पढें पूरी खबर…

Muzaffarpur News:  जंक्शन पर ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ और सीआईबी समस्तीपुर की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है. टीम ने यूटीएस हॉल से एक शातिर चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो यात्रियों को अपना निशाना बनाता था. पकड़ा गया आरोपी मो. फैसल, सीतामढ़ी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने उसके पास से चोरी के सोने के जेवर और मोबाइल बरामद किए हैं.

महिला यात्री को बातों में उलझाकर की चोरी

जानकारी के अनुसार, पंजाब जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही महिला यात्री विभा देवी को आरोपी ने अपनी बातों में उलझा लिया. इसी दौरान उसने बड़ी चालाकी से महिला के पर्स से करीब एक भर सोने का मंगलसूत्र, एक मोबाइल और 1900 रुपये नकद उड़ा लिए. महिला को जब तक चोरी का अहसास हुआ, तब तक आरपीएफ की सक्रिय टीम ने संदिग्ध गतिविधि देख आरोपी को दबोच लिया.

2 लाख रुपये का सामान बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी किए गए मंगलसूत्र और मोबाइल के अलावा एक अन्य संदिग्ध मोबाइल भी मिला है. बरामद किए गए सामानों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है. आरपीएफ ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना मुजफ्फरपुर को सौंप दिया है.

यात्री सुरक्षा को लेकर अलर्ट पर पुलिस

जंक्शन पर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी विशेष चौकसी बरत रही है. आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें और अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सावधान रहें.

मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >