मुजफ्फरपुर: जंक्शन के प्लेटफॉर्म 7 व 8 पर नल सप्लाई बंद, पाइप फटने से बह रहा पानी

Muzaffarpur News: जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 और 8 पर नल सप्लाई बंद होने से यात्री परेशान हैं. प्लेटफॉर्म 7 पर मुख्य पाइपलाइन फटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन रेल प्रशासन मरम्मत को लेकर उदासीन बना हुआ है. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: उत्तर बिहार में जारी भीषण गर्मी और तपिश के बीच मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 और 8 पर रेल यात्रियों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. इन दोनों प्लेटफॉर्मों पर लगे सभी नल पिछले कई दिनों से पूरी तरह सूखे पड़े हैं. पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप होने का सीधा असर यहां लगी वाटर वेंडिंग मशीनों पर भी पड़ा है, जिससे यात्रियों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है.

महंगे दामों पर बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं रेल यात्री

इस झुलसाने वाली गर्मी में यात्रा कर रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है. जंक्शन पर पानी न मिलने के कारण मजबूरन उन्हें स्टेशन के स्टॉलों से महंगे दामों पर बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है. इससे आम यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है.

एक तरफ बूंद-बूंद को तरसते लोग, दूसरी तरफ हजारों लीटर पानी की बर्बादी

एक तरफ जहां यात्री पानी के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर मुख्य पाइपलाइन फटने से रोजाना हजारों लीटर कीमती पानी बहकर बर्बाद हो रहा है. कई दिनों से लगातार बह रहे इस पानी को रोकने या फटे हुए पाइप की मरम्मत के लिए रेल प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

यात्रियों ने रेल प्रशासन से लगाई जलापूर्ति बहाल करने की गुहार

जंक्शन पर फैली इस अव्यवस्था से नाराज और परेशान रेल यात्रियों ने रेलवे के उच्च अधिकारियों से इस गंभीर समस्या का तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है. यात्रियों ने गुहार लगाई है कि फटे हुए मुख्य पाइपलाइन की अविलंब मरम्मत कराई जाए और दोनों प्लेटफॉर्मों पर जलापूर्ति को सुचारू रूप से बहाल किया जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >