मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में एक होटल से जुड़ा अनोखा मामला सामने आया है. होटल प्रबंधन ने एक ग्राहक पर कमरे का किराया और अन्य खर्चों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है. आरोप है कि होटल में कई दिनों तक ठहरने के बावजूद ग्राहक ने बार-बार बहाना बनाकर भुगतान टाल दिया, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया है.
होटल प्रबंधन ने दर्ज कराई शिकायत
होटल के प्रबंधक आदर्श कुमार ने ब्रह्मपुरा थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी वैभव सिंह ने होटल में कमरा बुक कराया था और लंबे समय तक वहां ठहरा रहा. इस दौरान होटल की सेवाओं का उपयोग भी करता रहा.
बार-बार टालता रहा भुगतान
प्रबंधक के अनुसार, जब भी उससे कमरे का किराया और अन्य बकाया राशि मांगी जाती थी, वह जल्द भुगतान करने का आश्वासन देकर बात टाल देता था. कई बार उसने एक-दो घंटे में पैसे देने की बात कही, लेकिन भुगतान नहीं किया. धीरे-धीरे होटल का बकाया बिल बढ़कर करीब 85 हजार रुपये तक पहुंच गया.
85 हजार रुपये बकाया होने का दावा
होटल प्रबंधन का आरोप है कि ग्राहक की मंशा अब बकाया राशि का भुगतान करने की नहीं दिख रही है. काफी इंतजार और प्रयास के बाद भी रकम नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस की शरण ली और कानूनी कार्रवाई की मांग की. शिकायत मिलने के बाद ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
