मुजफ्फरपुर : नाश्ता दुकानदार से हिस्ट्रीशीटर ने मांगी 35 लाख की रंगदारी, प्राथमिकी दर्ज

Muzaffarpur News: कर्ज के जाल में फंसे नाश्ता दुकानदार से हिस्ट्रीशीटर गुड्डू प्रधान ने 35 लाख की रंगदारी मांगी. ढाई लाख के बदले कई गुना रकम वसूलने के बाद भी आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है. पुलिस जांच में जुटी है. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में सूद पर लिए गए पैसे को लेकर एक नाश्ता दुकानदार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है. रानी सती मंदिर के पीछे रहने वाले दुकानदार संजय पंडित ने कच्ची पक्की ओपी के माधोपुर सुस्ता निवासी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उससे 35 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है और न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है.

ढाई लाख कर्ज के बदले मांग रहा लाखों रुपये

पीड़ित संजय पंडित सुतापट्टी की शीतला गली में ‘शर्मा जलपान’ नाम से नाश्ते की दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में बेटे की शादी के लिए गुड्डू प्रधान से 2.50 लाख रुपये कर्ज लिए थे. गारंटी के तौर पर उन्होंने आईडीएफसी और आईडीबीआई बैंक के तीन सादे चेक और एक हजार रुपये का ब्लैंक स्टांप पेपर दिया था. आरोप है कि तय रकम से कई गुना अधिक पैसे चुकाने के बावजूद गुड्डू प्रधान की नीयत डोल गई.

घर पर गुंडे भेजकर दी जा रही है जान से मारने की धमकी

पीड़ित के अनुसार, आरोपी अब उनके घर पर हथियारबंद गुंडों को भेज रहा है. पहले उसने 10 लाख रुपये मांगे और अब 35 लाख रुपये की भारी-भरकम रंगदारी की मांग कर रहा है. पीड़ित के मोबाइल पर फोन कर पूरे परिवार को गोली मारने और लाश गायब करने की धमकी दी जा रही है. इस खौफ के कारण दुकानदार का व्यवसाय ठप हो गया है और पूरा परिवार डरे साये में जी रहा है. पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >