मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मधुबनी फोरलेन स्थित चौसीमा गांव के पास एनएच किनारे एक निजी स्कूल के समीप युवक का शव पड़ा मिला. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को वहां लाकर फेंक दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
किराना दुकानदार की हुई पहचान
मृतक की पहचान मधुबनी गांव निवासी 30 वर्षीय उज्जवल कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, उज्जवल गांव में किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
शव मिलने के बाद जुटी भीड़
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. शव की स्थिति को देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद नगर डीएसपी-2 विनिता सिन्हा और सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. वैज्ञानिक जांच टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
