मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले में मौसम के बदलते मिजाज और उतार-चढ़ाव के बीच मच्छर जनित बीमारियों ने तेजी से पैर पसारना शुरू कर दिया है. पिछले 10 दिनों के भीतर मुजफ्फरपुर में डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. स्थिति यह है कि सरकारी और निजी अस्पतालों के 60 प्रतिशत से अधिक बेड मरीजों से फुल हो चुके हैं. एसकेएमसीएच और सदर अस्पताल की इमरजेंसी और मेडिसिन ओपीडी में प्रतिदिन 300 से अधिक ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें डेंगू और मलेरिया के लक्षण हैं. शहर के जूरन छपरा, ब्रह्मपुरा और मिठनपुरा के निजी क्लीनिकों में भी सुबह से शाम तक मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है.
बच्चों में दस्त और तेज बुखार का प्रकोप, बदला खान-पान पड़ रहा भारी
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में केवल डेंगू-मलेरिया ही नहीं, बल्कि डायरिया, टाइफाइड, दस्त और सर्दी-खांसी के मामलों में भी अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है. इस बदलते मौसम में सबसे ज्यादा प्रभावित बच्चे हो रहे हैं, जिनमें दस्त और तेज बुखार की शिकायतें आम हैं. वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस के पांडे ने बताया कि दिन में तेज गर्मी और रात में हल्की ठंड के कारण वायरस और बैक्टीरिया काफी सक्रिय हो गए हैं. जलजमाव की वजह से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है. लोग ठंडे-गर्म खान-पान में लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे पेट से जुड़ी बीमारियां फैल रही हैं.
जांच का दायरा बढ़ा, रोजाना आ रहे पॉजिटिव मामले
बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. माइक्रोबायोलॉजी विभाग में रोजाना 40 से 50 संदिग्ध मरीजों की डेंगू और मलेरिया जांच की जा रही है, जिनमें से कई मामलों में रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है. डॉक्टरों ने लोगों को जलजमाव से बचने और खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह दी है.
