मुजफ्फरपुर के बोचहां से चंद्र भूषण कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र से घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है. एक गर्भवती महिला ने अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. पीड़िता का कहना है कि गर्भावस्था के बावजूद उसके साथ लगातार हिंसा की जा रही थी, जिससे उसकी और गर्भ में पल रहे बच्चे की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है.
पति पर नशे में मारपीट करने का आरोप
महिला ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसका पति नवीन कुमार अक्सर नशे की हालत में घर लौटता है और विवाद कर उसके साथ मारपीट करता है. पीड़िता के अनुसार हाल ही में पति ने बेल्ट से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से डर गई और अपनी जान बचाने के लिए मायके पहुंच गई.
मायके पहुंचकर मांगी सुरक्षा
महिला का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है. गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ की गई मारपीट ने उसकी चिंता और बढ़ा दी है. फिलहाल वह अपने मायके में रह रही है और खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है.
थाने में आवेदन देकर लगाई कार्रवाई की गुहार
रविवार को पीड़िता ने बोचहा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. उसने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है. इस संबंध में थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला का आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
