मुजफ्फरपुर के बोचहा से चंद्रभूषण कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: रामपुर हरि थाना क्षेत्र के नरकटिया पंचायत अंतर्गत पकड़ी बरखुदार गांव में बाइक तेज गति से चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. यह मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे. इस हिंसक झड़प में महिलाओं समेत कुल 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
डायल-112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, कई एसकेएमसीएच रेफर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष के निर्देश पर डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सूझबूझ से मामले को शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोचहा पहुंचाया. अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रवीण कुमार और स्वास्थ्यकर्मी मोहम्मद जियाउद्दीन ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, कई घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया है.
घायलों में महिलाएं और युवक शामिल, गांव में पुलिस की नजर
इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से लड्डू कुमार, सोहन कुमार, अभिषेक कुमार, सुशील सहनी, मोहन कुमार, विक्की कुमार, वचन सहनी, मीनू कुमारी, विश्वजीत कुमार, राज किशोर सहनी, सुनील सहनी, मुनचून सहनी, विनय कुमार, रघुवीर सहनी, गोविंद कुमार, कौशल्या देवी, अंजली देवी, उर्मिला देवी और लक्ष्मण सहनी सहित अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं.
आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी: थानाध्यक्ष
मामले को लेकर रामपुर हरि थानाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया था. फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लिखित शिकायत मिलते ही मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. वर्तमान में पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
