मुजफ्फरपुर: बीएड प्रवेश परीक्षा, 5 जून तक केंद्रों पर पहुंचेगी सामग्री, गड़बड़ी करने वालों पर राजभवन की पैनी नजर

Muzaffarpur News: 7 जून को होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए 5 जून तक केंद्रों पर सामग्री पहुंच जाएगी. राजभवन की नजर के बीच सुरक्षा के लिए 11 विशेष पर्यवेक्षक, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: आगामी 7 जून को होने वाली बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा (बीएड) 2026 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इसी कड़ी में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय की अध्यक्षता में केन्द्रीय समन्वयक-सह-पर्यवेक्षक (सीसीसीओ) दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई.

पांच जून तक आवंटित केंद्रों पर पहुंचा दी जायेगी परीक्षा सामग्री

तय कार्ययोजना के अनुसार, सभी आवंटित परीक्षा केंद्रों पर 5 जून तक हर हाल में सामान्य परीक्षा सामग्री पहुंचा दी जाएगी. इसके अगले दिन 6 जून को पर्यवेक्षक दल सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा करेंगे. कुलपति ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नोडल ऑफिसर और जोनल कोऑर्डिनेटर के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें ताकि परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

राजभवन की सीधी नजर, तैनात किए गए 11 विशेष पर्यवेक्षक

राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. संजय कुमार ने बताया कि इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. अब तक लगभग 1 लाख 5 हजार एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा चुके हैं. परीक्षा की पूरी तैयारी का अपडेट लगातार राजभवन सचिवालय को भेजा जा रहा है. राजभवन की ओर से भी पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखी जा रही है. सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 11 विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है.

केंद्रों पर मुस्तैद रहेंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल

परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट दलों की तैनाती की जा रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >