मुजफ्फरपुर: अवधि बीतने के बाद भी नहीं बनी सड़क, ग्रामीणों में आक्रोश

Muzaffarpur News: बंदरा में अवधि बीतने के बाद भी बरियारपुर-पीरापुर सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ. ढाई करोड़ की इस योजना में लापरवाही पर ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए जल्द कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: जिले के बंदरा प्रखंड क्षेत्र में बरियारपुर से पीरापुर खादी भंडार तक जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित अवधि समाप्त होने के एक महीने बाद भी शुरू नहीं हो सका है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर उदासीनता का गंभीर आरोप लगाया है.

ढाई करोड़ से अधिक की थी परियोजना 

मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत इस 4.300 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी. इस परियोजना की कुल लागत 2 करोड़ 56 लाख 64 हजार रुपये निर्धारित की गई थी. निर्माण कार्य का शिलान्यास पिछले वर्ष पूर्व विधायक निरंजन राय द्वारा किया गया था.

समय सीमा खत्म, नहीं गिरा एक भी पत्थर

 ग्रामीणों के अनुसार संवेदक को 29 अप्रैल 2025 से 28 अप्रैल 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करना था. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद सड़क पर अब तक एक पत्थर तक नहीं डाला गया है. संजय पटेल, सुशील कुमार, विन्देश्वर राय, राजू चौधरी, नवीन कुमार और प्रमोद कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति से रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. बरसात में स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी.

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने शीघ्र कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द पहल नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >