मुजफ्फरपुर: शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड, बाबुल चौधरी ने ऑडियो जारी कर ली हत्या की जिम्मेदारी, अंडरवर्ल्ड में खलबली

Muzaffarpur News: शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड में बाबुल चौधरी का कथित ऑडियो वायरल. टेंडर और जमीन विवाद में हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए विरोधियों को दी जान से मारने की धमकी. पुलिस और अंडरवर्ल्ड में मची खलबली, ऑडियो की जांच जारी…

मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की हत्या के मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है. सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाबुल चौधरी नामक शख्स ने खुलेआम गोविंद शर्मा की हत्या की जिम्मेदारी ली है. इस वायरल ऑडियो के सामने आते ही पुलिस महकमे और अंडरवर्ल्ड में हड़कंप मच गया है.

टेंडर और जमीन विवाद में की हत्या

वायरल ऑडियो में बाबुल चौधरी को कहते सुना जा रहा है, “हम ही गोविंद शर्मा को मारे हैं और इसकी पूरी जिम्मेवारी लेते हैं. वह हमारे टेंडर और जमीन के कारोबार में लगातार अड़चन पैदा कर रहा था. अगर हम उसे नहीं मारते, तो वह मुझे मार डालता. गोविंद ने मुझे धोखा देकर मारने की साजिश रची थी, इसलिए मैंने पहले ही उसे ठिकाने लगा दिया.”

आशुतोष शाही हत्याकांड का भी जिक्र

ऑडियो में बाबुल ने चर्चित आशुतोष शाही हत्याकांड का भी जिक्र किया है. उसने दावा किया कि वह आशुतोष शाही के कारण रंगदारी के मामले में केस झेल चुका है. इस केस में गोविंद शर्मा, मंटू शर्मा, ओंकार सिंह समेत अन्य लोग भी अभियुक्त हैं. बाबुल ने खुलेआम धमकी दी है कि यदि गोविंद का कोई भी आदमी या समर्थक अब उसके पीछे पड़ेगा या परेशान करेगा, तो वह उसे भी मौत की नींद सुला देगा. उसने कहा कि उसे प्रशासन से कोई दिक्कत नहीं है.

पुलिस जांच में जुटी

इस ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस और अंडरवर्ल्ड के लोग अपने-अपने स्तर से इसकी सत्यता की जांच में जुट गए हैं. हालांकि, प्रभात खबर डिजिटल मीडिया इस वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और इसकी आवाज की पुष्टि नहीं करता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >