मुजफ्फरपुर के लाल एस चंद्रशेखर बने सुप्रीम कोर्ट के जज, पैतृक गांव चैनपुर में जश्न

मुजफ्फरपुर के चैनपुर गांव के निवासी जस्टिस एस चंद्रशेखर के सुप्रीम कोर्ट जज बनने पर गांव में जश्न का माहौल है. ग्रामीणों ने हवन-पूजन कर मिठाइयां बांटीं. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर गांव के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब मुंबई हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एस चंद्रशेखर ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली. इस खबर के सामने आते ही उनके पैतृक गांव चैनपुर में खुशी की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी का इजहार किया.

गांव में बना उत्सव का माहौल

जस्टिस एस चंद्रशेखर का परिवार भले ही वर्तमान में गांव से बाहर रहता हो, लेकिन गांव से उनका जुड़ाव आज भी बना हुआ है. सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त होने की सूचना मिलते ही गांव के लोग, रिश्तेदार और शुभचिंतक एकत्रित हो गए. लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया.

ग्रामीणों का कहना है कि जस्टिस चंद्रशेखर ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे मुजफ्फरपुर और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है.

मंदिर में हुआ हवन-पूजन

इस अवसर पर उनके पैतृक घर के सामने स्थित मंदिर में विशेष हवन और पूजन का आयोजन किया गया. पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर जस्टिस चंद्रशेखर के उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की.

पूजन के बाद ग्रामीणों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस खुशी में शामिल हुए.

परिजनों ने जताया गर्व

जश्न के दौरान जस्टिस चंद्रशेखर के चाचा युगल किशोर सिंह और मामा नवल किशोर सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने बधाई देने पहुंचे लोगों का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की.

शिक्षा और संस्कार से मिली सफलता

ग्रामीणों ने बताया कि जस्टिस चंद्रशेखर के पिता श्याम किशोर सिंह सेवानिवृत्त अभियंता हैं और उन्होंने हमेशा शिक्षा एवं संस्कारों को प्राथमिकता दी. ग्रामीणों का कहना है कि गांव का बेटा अब देश की सर्वोच्च अदालत में न्याय की जिम्मेदारी निभाएगा, यह पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >