मोतीपुर न्यूज: मोतीपुर थाना क्षेत्र के अंजनाकोट स्थित भुड़कुड़वा बूढ़ी गंडक नदी घाट पर सोमवार को नहाने गए पांच किशोरों में से दो के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी में दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन देर तक उनका पता नहीं चल सका. सूचना मिलने पर मोतीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लापता किशोरों की तलाश शुरू कर दी.
पुल से नदी में लगायी छलांग
थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के अनुसार, पांचों किशोर अंजनाकोट के समीप भुड़कुड़वा घाट पर नहाने पहुंचे थे. सभी पुल पर चढ़कर नदी में छलांग लगाने लगे. इनमें से तीन किशोर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आये, जबकि दो किशोर नदी से बाहर नहीं आ सके.
दोनों लापता किशोर मोतीपुर थाना क्षेत्र के बथना गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी.
स्थानीय स्तर पर जारी रही तलाश
दोनों किशोरों के डूबने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से नदी में उनकी तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बावजूद जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गयी.
मोतीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस की मौजूदगी में भी नदी में तलाश का प्रयास किया गया.
SDRF टीम से मांगी मदद
थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि लापता दोनों किशोरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम से मदद मांगी गयी है. टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा.
फिलहाल मोतीपुर पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है और स्थानीय स्तर पर भी दोनों किशोरों की तलाश जारी है. घटना के बाद से दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढे़ं:
मुजफ्फरपुर के कांटी में सड़क किनारे मिला अज्ञात शव, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
