Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर दस्तावेज नवीश संघ ने पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है. संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार और सचिव रंधीर कुमार के नेतृत्व में आज जिला रजिस्ट्री कार्यालय में स्टांप वेंडर और कातिबों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया. इनके विरोध के कारण सोमवार को निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह बाधित रहा.
कार्यालय खुलते ही धरना पर बैठे कातिब और स्टांप वेंडर
आज सुबह से ही संघ के अध्यक्ष और सचिव के नेतृत्व में जिलेभर के स्टांप वेंडर और कातिब निबंधन कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंच गए और कामकाज को ठप कराते हुए वहीं धरना पर बैठ गए. इस दौरान प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि सरकार जहां पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को आम लोगों के लिए सुविधा बता रही है, वहीं इस व्यवस्था के तहत जमीन की रजिस्ट्री में साइबर फ्रॉड का खतरा बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि सरकार जबतक इस व्यवस्था में बदलाव नहीं करेगी, आंदोलन जारी रहेगा.
पेपरलेस रजिस्ट्री को लेकर संघ ने उठाए सवाल
दस्तावेज नवीस संघ का कहना है कि नई व्यवस्था में विक्रेता का विवरण पहले की तुलना में स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ रहा है. संघ को आशंका है कि जमीन मालिक को इसकी पूरी जानकारी हुए बिना उसके नाम से दस्तावेज में बदलाव किया जा सकता है.
जमीन के 'साइबर फ्रॉड' का जताया डर
संघ अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि जिस तरह बैंक खातों से जुड़े साइबर फ्रॉड के मामले सामने आते हैं, उसी तरह भविष्य में जमीन की रजिस्ट्री में भी धोखाधड़ी का खतरा पैदा हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने के कारण रजिस्ट्री से ठीक पहले डेटा में बदलाव की आशंका बनी रहती है.
आम जनता से भी विरोध में शामिल होने की अपील
संघ अध्यक्ष ने आम लोगों से भी पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को लेकर जागरूक रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जमीन मालिकों को अपनी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और रजिस्ट्री प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए.
यह भी पढे़ं:
कांटी में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर की टक्कर से छात्रा की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से घायल
