मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
Muzaffarpur Fire: आइसीयू में छह मरीजों की मौत के बाद शनिवार को जिला प्रशासन ने प्रसाद हॉस्पिटल को सील कर दिया है. शुक्रवार को सिविल सर्जन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से प्रसाद हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द कर दिया था. वही निगम की टीम भी हॉस्पिटल में बिल्डिंग बायलॉज की जांच के लिए पहुंची. निगम की प्रशासनिक व तकनीकी टीम जांच में जुटी है.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पड़ी भारी
बता दें कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और छह लोगों की जान जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में है. सिविल सर्जन ने अस्पताल के मालिक और प्रबंधन से इस पूरी लापरवाही पर बेहद कड़ा स्पष्टीकरण भी मांगा है.
दम घुटने और झुलसने से 6 की मौत
बता दें, गुरुवार की सुबह प्रसाद हॉस्पिटल के आइसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी थी. देखते ही देखते धुएं और लपटों ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया. उस वक्त आईसीयू में वेंटिलेटर और बेड पर मौजूद गंभीर मरीजों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. इस हादसे में छह मरीजों की दम घुटने और झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई थी.
