Atm Card Fraud: जिले के सरैया थाना क्षेत्र के मधौल गांव निवासी 77 वर्षीय वृद्ध राम कैलाश ठाकुर साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं. शातिर अपराधियों ने एटीएम मशीन में उनका कार्ड फंसाकर खाते से 40 हजार रुपये की अवैध नकद निकासी कर ली. इसके साथ ही ठगों ने सरैया स्थित एक कपड़ा दुकान से 70 हजार 500 रुपये की खरीदारी भी कर ली. पीड़ित की शिकायत पर बेला स्थित साइबर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच की जिम्मेदारी एसआई डॉ. ललन कुमार को सौंपी गई है.
नया पिन बनाने गए थे बुजुर्ग, गार्ड था नदारद
पीड़ित के अनुसार, एसबीआई द्वारा भेजा गया नया एटीएम कार्ड लेकर वे 21 जुलाई की सुबह 11:30 बजे अंबारा चौक स्थित एटीएम गए थे. नया पिन जनरेट करने के दौरान कार्ड मशीन में ही फंस गया.
- गार्ड नदारद: मौके पर एटीएम गार्ड मौजूद नहीं था.
- झांसा: हेल्पलाइन पर फोन करने पर तकनीशियन के आने का झांसा देकर दो घंटे तक वहीं रोके रखा गया.
- बैंक की बेरुखी: बैंक शाखा पहुंचने पर भी प्रबंधक ने मदद करने के बजाय उन्हें साइबर थाने जाने को कह दिया.
40 हजार कैश निकाले, 70.5 हजार की शॉपिंग
बैंक विवरण खंगालने पर पता चला कि अपराधियों ने 10-10 हजार रुपये करके चार बार में 40 हजार रुपये कैश निकाल लिए. इसके बाद सरैया की 'रूपकन्या वस्त्रालय' से ₹70,500 के कपड़ों की खरीदारी भी कर ली. पीड़ित ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी लगे हैं, जिसके फुटेज खंगालकर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
ये भी पढ़ें:2 लाख दो वरना 'फेसबुक पर लाइव' कर देंगे अश्लील वीडियो, डिजिटल ब्लैकमेलिंग का शिकार बने अधेड़
