मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हत्था थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. हत्था गांव में मंगलवार को एक घर से करीब 22 वर्षीय नवविवाहिता कंचन कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. घटना के बाद से ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. स्थानीय पुलिस के घटना स्थल पर पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से नीचे उतारकर जमीन पर रख दिया गया था, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है.
यह भी पढ़ें… बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली,टेंट कर्मी गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर
शादी के महज डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, हत्था थाना क्षेत्र के घोसरामा निवासी रामबाबू महतो की पुत्री कंचन कुमारी की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हत्था गांव के विनेश कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी. कंचन अभी अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर ही रही थी कि यह खौफनाक हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि मृतका कंचन का पति विनेश कुमार कुछ समय पहले एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज फिलहाल पटना के एक अस्पताल में चल रहा है.
यह भी पढ़ें… बेतिया-मुजफ्फरपुर रेल लाइन डबलिंग का काम पूरा, 3 जुलाई को सीआरएस निरीक्षण के बाद दौड़ेगी ट्रेन
मायके पक्ष का आरोप- कंचन की हुई है हत्या
संदिग्ध स्थिति में शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई. कंचन की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके वाले घोसरामा से रोते-बिलखते हत्था गांव पहुंचे. मृतका के माता-पिता और परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि कंचन की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है. घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं, जिससे मायके वालों का शक और गहरा गया है.
एफएसएल की टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की भनक लगते ही हत्था थाने के दारोगा चितरंजन प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. इस दौरान फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेष टीम को भी साक्ष्य एकत्र करने के लिए बुलाया गया था. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं. हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस को महिला द्वारा फांसी लगाने की प्रारंभिक सूचना मिली थी. पुलिस टीम जब पहुंची तो शव जमीन पर था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस को मायके पक्ष से लिखित आवेदन का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
