Muzaffarpur: बेला नाइट गार्ड हत्याकांड का खुलासा, 338 बोरी खाद बरामद, 2 गिरफ्तार, 6 की तलाश

बेला इंडस्ट्रियल एरिया में खाद गोदाम के नाइट गार्ड की हत्या और डकैती मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और लूटी गई 338 बोरी खाद भी बरामद कर ली गई है. मामले में आगे की जांच जारी है.

Muzaffarpur Crime: बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित खाद और सीमेंट गोदाम के नाइट गार्ड शिव नारायण भगत (68) की हत्या और डकैती मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि खाद की बोरियां लूटने का विरोध करने पर अपराधियों ने बुजुर्ग गार्ड की गला दबाकर हत्या कर दी थी. मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फकुली थाना क्षेत्र के अर्जुन कुमार और कुढ़नी थाना क्षेत्र के दीपक कुमार के रूप में हुई है.

पूर्वी चंपारण से 338 बोरी खाद बरामद

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था. तकनीकी अनुसंधान और गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास छापेमारी की.

यहां से लूटी गयी खाद की 338 बोरियां बरामद की गयीं. जब्ती की प्रक्रिया दंडाधिकारी की मौजूदगी में पूरी की गयी. पुलिस ने डकैती में इस्तेमाल किये गये ट्रक को भी जब्त कर लिया है.

खाद लूटने का विरोध किया तो गला दबाकर मार डाला

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में कुल आठ अपराधी शामिल थे. सभी ने योजनाबद्ध तरीके से गोदाम में धावा बोला और खाद की बोरियां लूटने लगे.

नाइट गार्ड शिव नारायण भगत ने जब इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनका गला दबा दिया. इसके बाद उनकी हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया गया.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वह सदर थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 के डकैती कांड और आर्म्स एक्ट के मामले में पहले जेल जा चुका है.

CCTV और रोशनी की कमी से जांच में हुई देरी

एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी. इसके अलावा अच्छी गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे. इसका फायदा अपराधियों को मिला और कांड के उद्भेदन में थोड़ा समय लगा.

उन्होंने यह भी कहा कि गोदाम की सुरक्षा में तैनात गार्ड अप्रशिक्षित और बुजुर्ग थे, जिससे सुरक्षा मानकों में कमी सामने आयी. पुलिस ने गोदाम संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है.

निजी मकानों में बने अवैध गोदामों पर होगी कार्रवाई

प्रेसवार्ता में एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कई लोग बिना अनुमति निजी मकानों को व्यावसायिक गोदाम में तब्दील कर रहे हैं. उन्होंने इसे जनसुरक्षा के लिहाज से गंभीर बताया.

ऐसे अवैध गोदामों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम को पत्र लिखा जा रहा है. पुलिस फरार छह अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

एसएसपी ने बताया कि पुलिस मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपितों को सजा दिलाने की कार्रवाई करेगी.

यह भी पढ़ें

Muzaffरपुर में मजदूर उपेंद्र पासवान हत्याकांड में FIR, महिला पर आंखें फोड़कर हत्या का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >