Muzaffarpur Crime News: शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी चौक और मरीन ड्राइव रोड के पास मनचलों का दुस्साहस देखने को मिला है. स्कूल जा रही अपनी बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. करीब एक दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों ने युवक को घेरकर लाठी, डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. हमले में पीड़ित का सिर फट गया और खोपड़ी की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर आया है. डॉक्टरों को उसके सिर में आठ टांके लगाने पड़े हैं. ब्रह्मपुरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
स्कूल आते-जाते समय करते थे छेड़खानी
छात्रा जब भी स्कूल आती-जाती थी, रास्ते में मनचले उस पर अश्लील टिप्पणियां करते थे. छात्रा ने इसकी जानकारी परिजनों को दी. इसके बाद पीड़ित युवक ने मनचलों को समझा-बुझाकर हिदायत दी थी, लेकिन आरोपी रंजिश रखने लगे.
बैंक से निकलते ही मरीन ड्राइव पर घेरा
घटना के दिन सुबह 11 बजे पीड़ित लक्ष्मी चौक स्थित बैंक गया था. बाहर निकलते ही घात लगाए मनचलों ने थप्पड़ मारे. युवक जान बचाकर मरीन ड्राइव की ओर भागा, लेकिन 15 बदमाशों ने उसे घेर लिया.
घटनाक्रम के मुख्य बिंदु:
- घातक हमला: बदमाशों ने चाकू, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए.
- गंभीर चोट: सीटी स्कैन में सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई, डॉक्टरों ने आठ टांके लगाए.
- सीसीटीवी जांच: मरीन ड्राइव पर लगे कैमरों में वारदात कैद हुई है, पुलिस छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: दादर पुल से बूढ़ी गंडक नदी में गिरे बुजुर्ग का 15 घंटे बाद मिला शव
