Chain snatching incident: मुजफ्फरपुर शहर में बेखौफ बाइकर्स गैंग का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. शातिर अपराधी दिनदहाड़े पुलिस को चुनौती देते हुए छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी का है, जहां किडनी अस्पताल के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही फरार हो गए. पीड़िता की पहचान बिजली विभाग में पोस्टेड एक कर्मी की पत्नी अल्का कुमारी के रूप में हुई है. पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.
ऑटो से उतरकर किराया दे रही थी महिला, तभी अपराधियों ने मारा झपट्टा
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अल्का कुमारी ब्रह्मपुरा इलाके से अपने बच्चे को स्कूल से लेकर ऑटो द्वारा वापस लौट रही थीं. जैसे ही ऑटो चाणक्यपुरी मोहल्ले के मुख्य गेट पर पहुंचा, वह नीचे उतरीं. अल्का कुमारी अभी अपने पर्स से पैसे निकालकर ऑटो चालक को किराया दे ही रही थीं कि तभी पीछे से एक अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे. जब तक महिला कुछ समझ पाती, बाइक के पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की कीमती चेन नोच ली.
बैरिया गोलंबर की ओर भागे बदमाश, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
चेन झपटते ही महिला ने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन जब तक आसपास के लोग जुटते, तब तक अपराधी तेज रफ्तार अपाचे बाइक से बैरिया गोलंबर की ओर भाग निकले. चीख-पुकार सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने के बाद अहियापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई.पुलिस ने मोहल्ले के गेट और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला है. फुटेज में बाइक सवार अपराधियों की गतिविधि साफ नजर आ रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिए और बाइक के नंबर का पता लगाने की कोशिश कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बैरिया गोलंबर और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की भी मदद ली जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा.
