जंक्शन पर यात्रियों की फजीहत: आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन 7 घंटे लेट, भीषण गर्मी में सुबह से परेशान रहे लोग

आनंद विहार जाने वाली एक स्पेशल ट्रेन 7 घंटे की देरी से रवाना होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर सटीक जानकारी न देने का आरोप लगाया.

Muzaffarpur Train Delayed:  जंक्शन से नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली गाड़ी संख्या 04029 गुरुवार को भारी देरी से रवाना हुई. यह ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह के 6:00 बजे के बजाय करीब 7 घंटा लेट होकर दोपहर 1:30 बजे खुली. ट्रेन के इस कदर लेट होने के कारण स्टेशन पर यात्रियों को भीषण गर्मी और उमस में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह से ही यात्री अपने छोटे-छोटे बच्चों और पूरे सामान के साथ प्लेटफॉर्म पर परेशान दिखे.

रेलवे प्रशासन की लापरवाही से फूटा गुस्सा, समय पर नहीं मिली सटीक जानकारी

ट्रेन के इस कदर री-शेड्यूल होने को लेकर स्टेशन पर यात्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. यात्रियों का आरोप था कि रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेन के लेट होने की सही और सटीक जानकारी समय पर नहीं दी गई. पूछताछ काउंटर और डिजिटल बोर्ड पर बार-बार समय बदले जाने से भ्रम की स्थिति बनी रही. इस कुप्रबंधन के कारण यात्रियों में रेलवे के खिलाफ काफी आक्रोश भी देखा गया.

प्लेटफॉर्म पर बैठने तक की जगह नहीं, भीषण गर्मी में बेहाल दिखे बच्चे व बुजुर्ग

स्टेशन पर उमड़ी भारी भीड़ और ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बैठने तक की जगह नसीब नहीं हो रही थी. सबसे ज्यादा परेशानी महिला, बुजुर्ग और बच्चों को उठानी पड़ी, जो पंखे की हवा के लिए यहां-वहां भटकते नजर आए. पीने के पानी के लिए भी यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. यात्रियों का कहना था कि त्योहारों और विशेष मौकों पर चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी अब आम बात हो गई है, जिससे आम जनता को सिर्फ परेशानी ही हाथ लगती है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >