मुजफ्फरपुर: मेले से लौट रहे अधेड़ को घेरकर मारी गोली, हाथ के आर-पार हुई बुलेट

अहियापुर के भीखनपुर में मेले से लौट रहे अधेड़ को बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने घेरकर गोली मार दी. घायल ने पुराने जमीन विवाद में हत्या की धमकी मिलने की बात कही है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

मुजफ्फरपुर क्राइम: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के भीखनपुर इलाके में देर रात बाइक सवार अपराधियों ने मेले से लौट रहे एक अधेड़ को घेरकर गोली मार दी. घटना में भीखनपुर निवासी बैजू भगत गंभीर रूप से घायल हो गये. गोली उनके हाथ को चीरते हुए आर-पार निकल गयी. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

एक बाइक पर सवार थे तीन हथियारबंद बदमाश

इलाज के दौरान बैजू भगत ने बताया कि वह रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच मेला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.

बदमाशों के अचानक सामने आने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी. इसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर उन पर फायरिंग कर दी. बैजू ने बचने के लिए जैसे ही हाथ आगे किया, गोली हाथ को चीरते हुए आर-पार निकल गयी.

रिश्तेदार के घर पहुंचकर बचायी जान

घायल पीड़ित, फोटो- प्रभात खबर

गोली लगने के बाद बैजू भगत किसी तरह मौके से भाग निकले और अपने रिश्तेदार के घर पहुंचे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया. पुलिस अब हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है.

1988-90 से चल रहा जमीन का विवाद

पीड़ित ने घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका जतायी है. उनके अनुसार, अपने ही चचेरे भाई और पट्टीदार से करीब 22 से 57 डिसमिल जमीन को लेकर वर्ष 1988-90 से विवाद चल रहा है. इस जमीन को लेकर पहले से कई मुकदमे भी चल रहे हैं.

बैजू भगत का आरोप है कि विरोधी पक्ष की ओर से पूर्व में भी उन्हें हत्या की धमकी दी जाती रही है. हालांकि, गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटनास्थल पर जांच करती एफएसएल की टीम, फोटो- प्रभात खबर

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, घायल के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस जमीन विवाद समेत घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें:

मुजफ्फरपुर: ट्रेन परिचालन में जरा भी चूक न हो, कपरपुरा स्टेशन समेत 5 जगहों पर विशेष सुरक्षा जांच


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >