Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर. नगर निगम की राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक मंगलवार को उप नगर आयुक्त अनुभूति श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में संपत्ति कर यानी होल्डिंग टैक्स, बड़े बकायेदारों, टैक्स कलेक्टर्स के प्रदर्शन और ट्रेड लाइसेंस की स्थिति की विस्तृत समीक्षा हुई.
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछली बैठक के बाद से नगर निगम ने संपत्ति कर मद में 1.25 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली की है. वहीं, शहर के टॉप-10 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज करने के लिए संबंधित सेल को निर्देश दिया गया है. सभी बड़े बकायेदारों को एक सप्ताह के भीतर बकाया टैक्स जमा करने का अल्टीमेटम भी दिया गया है.
टॉप-10 बड़े बकायेदारों पर होगा सर्टिफिकेट केस
नगर निगम प्रशासन ने संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है. टॉप-10 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज करने के लिए संबंधित सेल को निर्देश दिया गया है.
सभी बड़े बकायेदारों को एक सप्ताह के भीतर बकाया कर जमा करने का समय दिया गया है. निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 के तहत कार्रवाई की जायेगी.
इसके अलावा तीनों टैक्स दारोगाओं को अपने-अपने वार्ड से पांच-पांच बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर वसूली की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
30 सितंबर तक संपत्ति कर जमा करने की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से 30 सितंबर 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्ति कर जमा करने की अपील की है.
नगर निगम के अनुसार, 30 सितंबर तक भुगतान नहीं करने वाले करदाताओं पर एक अक्टूबर 2026 से बकाया कर पर प्रतिमाह 1.5 प्रतिशत की दर से ब्याज लगाया जायेगा. इसके साथ दंड अधिभार यानी पेनल्टी भी देय होगी.
इसलिए निगम ने करदाताओं से समय सीमा के भीतर संपत्ति कर जमा करने की अपील की है.
टॉप-5 टैक्स कलेक्टर्स होंगे सम्मानित
राजस्व समीक्षा के दौरान टैक्स कलेक्टर्स के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गयी. संपत्ति कर वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-5 कर संग्रहकर्ताओं को नगर निगम की ओर से सम्मानित किया जायेगा.
वहीं, वसूली में सबसे पीछे रहने वाले बॉटम-10 टैक्स कलेक्टर्स को अंतिम चेतावनी दी गयी है. उन्हें चालू सप्ताह में प्रदर्शन सुधारने का निर्देश दिया गया है. सुधार नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गयी.
दो टैक्स दारोगाओं से मांगा गया स्पष्टीकरण
राजस्व वसूली में लापरवाही और धीमी प्रगति को लेकर दो टैक्स दारोगाओं से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है.
टैक्स दारोगा अखिलेश कुमार सिंह और गौरी शंकर प्रसाद से शो-कॉज मांगा गया है. निगम प्रशासन ने सभी कर्मियों को राजस्व संग्रह को प्राथमिकता देने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
बिना ट्रेड लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
बैठक में ट्रेड लाइसेंस की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. निर्देश दिया गया कि बिना ट्रेड लाइसेंस या लाइसेंस का नवीनीकरण कराये बिना संचालित हो रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठान जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें.
नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. बैठक में राजस्व शाखा प्रभारी रवि रंजन राज, प्रधान सहायक-सह-टैक्स दारोगा मो. नूर आलम, टैक्स दारोगा अखिलेश कुमार सिन्हा, गौरी शंकर प्रसाद समेत सभी कर संग्रहकर्ता मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: कविता के मंच पर चमकी अंजली की प्रतिभा, MGCU में पहला पुरस्कार जीतकर बनाई खास पहचान
