मुजफ्फरपुर: शहर में मोबाइल तो गांवों में नशे की लत पति-पत्नी के रिश्तों में घोल रही कड़वाहट

मोबाइल का अत्यधिक उपयोग और नशे की आदत पति-पत्नी के बीच झगड़ों का मुख्य कारण बन रही है. यह विवाद घर की दहलीज लांघकर महिला थाने तक पहुँच रहे हैं, जहाँ पुलिस काउंसलिंग से रिश्ते जोड़ने का प्रयास कर रही है.

Mobile Overuse: मोबाइल व नशे की लत पति- पत्नी के बीच विवाद पैदा कर रही हैं. तू-तू मैं-मैं से शुरू होकर यह विवाद घर की चाहरदीवारी से निकल कर थाने तक पहुंच रहा है. महिला थाने में पिछले दिनों जो शिकायतें पहुंची है, उसमें शहरी क्षेत्र में पत्नी के द्वारा मोबाइल पर ज्यादा बातचीत करना व ग्रामीण इलाकों में पति के द्वारा नशा करके घर आना विवाद की वजह पाई गई है. पति-पत्नी के बीच बन रही दूरी को काउंसलिंग करके महिला थाने की पुलिस खत्म करने में जुटी है. पिछले 30 दिनों में 16 परिवारों को मिलाया गया है.

केस 1- सुबह शाम मोबाइल पर बात करने की वजह से घर से निकाल दिया

काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के जकरिया कॉलोनी की रहने वाली एक नवविवाहिता ने महिला थाने पहुंच कर शिकायत दी कि उसको ससुराल से निकाल दिया गया है. इसके पीछे पति ने मोबाइल पर ज्यादा बात करने की वजह बताई है. उसके पति को शक है कि वह दूसरे लड़के से बात कर रही है. महिला थानेदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसके पति को फोन करके बुलाया. तीन अलग- अलग दिनों पर दोनों की काउंसलिंग की. फिर, उनके बीच बने मतभेद को खत्म करके लड़की को उसके पति के साथ ससुराल भेज दिया

केस 2- नशा करके आता है पति, मारपीट कर घर से निकाल दिया

बोचहां थाना क्षेत्र की एक महिला पिछले सप्ताह महिला थाने पहुंच कर अपने पति पर आरोप लगाया कि उसका पति हमेशा रात को नशा करके आता है. खाना खाने को बोलती है तो उसके साथ गाली- गलौज करके मारपीट शुरू कर देता है. उसके चरित्र पर उंगली उठाता है. अब वह उसके साथ नहीं रहना चाहती है. महिला थाने की पुलिस ने उसके पति को थाने पर बुलाया. दोनों को साथ बैठा कर उनकी काउंसलिंग की. फिर, पति ने पुलिस के समक्ष अपनी गलती स्वीकार की. थाने पर बांड बना कर पत्नी को उसके साथ भेज दिया.

पति-पत्नी के विवाद की ये हैं मुख्य वजह

विश्वास में कमी आना, मोबाइल पर ज्यादा बात करने से प्रेमी या प्रेमिका से बात करने का शक होना, एक- दूसरे को समय नहीं देना, नशे की लत, झूठ बोलना, ताना देना

क्या कहती है महिला थानेदार

महिला थानेदार ने बताया कि पति- पत्नी के बीच विवाद की मुख्य वजह अभी मोबाइल बन गई है. ग्रामीण इलाकों में पति द्वारा नशा करके घर आना व पत्नी के साथ मारपीट करने की शिकायत भी मिल रही है. दहेज को लेकर प्रताड़ित करने के भी मामले में कुछ कमी देखी गई है. केस करने से पहले कोशिश रहती है कि काउंसलिंग करके उनके बीच विवाद को खत्म कराया जाए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >