Mithila Express train theft: हावड़ा रूट की ट्रेनों में इन दिनों शातिर चोर गिरोह सक्रिय है. ताजा मामला हावड़ा से रक्सौल जा रही मिथिला एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13021) का है, जहां एसी-2 के ए-1 कोच में सफर कर रहे यात्री का कीमती सामान चोरी हो गया. घटना बीते बुधवार की है, जब पीड़ित यात्री हावड़ा से मोतिहारी की यात्रा कर रहे थे.
Howrah Raxaul train crime: एसी कोच में चोरी की बड़ी वारदात
पीड़ित यात्री आशीष झुनझुनवाला के अनुसार, उनके बैग से सोने के कान के टॉप्स का एक सेट, 10 ग्राम के चार चांदी के सिक्के और एक महंगी ब्रांडेड लेडीज घड़ी गायब हो गई. वातानुकूलित कोच में सुरक्षा के दावों के बीच हुई इस चोरी की घटना से यात्रियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है.
यात्री ने सोशल मीडिया पर मांगी मदद
घटना के बाद पीड़ित यात्री आशीष झुनझुनवाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल सेवा, पूर्व मध्य रेल और रेल मंत्रालय को टैग करते हुए पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने रेल प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करने और अपना सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई, जिसके बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया.
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त जांच
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद आरपीएफ ईस्ट सेंट्रल ने घटना पर तुरंत संज्ञान लिया. फिलहाल समस्तीपुर से लेकर मुजफ्फरपुर तक आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमें मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई हैं. स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके.
हावड़ा रूट पर रेल पुलिस का अलर्ट
हावड़ा-रक्सौल रेल खंड पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए रेल पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है. रेल अधिकारियों और पुलिस टीम का दावा है कि संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर पार्लर सेक्स रैकेट : 3 आरोपी महिलाओं की जमानत याचिका खारिज
