Muzaffarpur News: नगर क्षेत्र स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, आमगोला में सोमवार को मिड डे मील के दौरान बड़ा हादसा हो गया. खाना खा रहे बच्चों के ऊपर अचानक छत का मलबा गिर पड़ा, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में पांचवीं कक्षा की छात्रा आराध्या राज के सिर में गंभीर चोट लगी.
घटना के बाद एहतियातन सभी बच्चों को घर भेज दिया गया.
मिड डे मील के दौरान हुआ हादसा
विद्यालय की शिक्षिकाओं के अनुसार घटना उस समय हुई, जब बच्चे मिड डे मील खा रहे थे. अचानक जर्जर छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया. हादसे के बाद बच्चे घबरा गए और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जर्जर भवन में चल रही पढ़ाई
शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय का संचालन फिलहाल सामुदायिक भवन के दो कमरों में किया जा रहा है, जहां करीब 150 से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं. उनका कहना है कि भवन की छत काफी जर्जर है और आए दिन प्लास्टर गिरने की आशंका बनी रहती है. इससे बच्चे और शिक्षक लगातार भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं.
स्कूल भवन पर कब्जे का आरोप
जानकारी के अनुसार विद्यालय का अपना भवन भी है, लेकिन उस जमीन पर कथित रूप से कब्जा कर मंदिर बना दिया गया है. इसी कारण स्कूल का संचालन सामुदायिक भवन में किया जा रहा है.
घटना के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूरे मामले की जानकारी देने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिलने पहुंचीं. फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में खुलेगी सिविल इंजीनियरिंग व आर्किटेक्चर यूनिवर्सिटी, 10 दिन में पताही एयरपोर्ट शिलान्यास का ऐलान
