वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर मोतीपुर स्थित मेगा फूड पार्क में तैयार हो रहे प्लांट में मशीनों के इंस्टॉल करने की कवायद शुरू हो गयी है. इसको लेकर बियाडा की ओर से कोटेशन के लिये एजेंसियों को आमंत्रित किया गया है. गुणवत्तापूर्ण उपकरण के लिये बियाडा की ओर से शर्ते रखी गयी है. जिसमें अधिकृत डीलर शामिल होंगे. यहां लीची और बनाना चैंबर के साथ बड़े पैमाने पर कोल्ड स्टोरेज का निर्माण हो रहा है. हाल में मुख्य सचिव ने भ्रमण के दौरान काम में तेजी लाने का निर्देश दिया था. बता दें कि लुधियाना मेगा फूड पार्क के सफल मॉडल के बेहतर प्लानिंग को यहां मोतीपुर मेगा फूड पार्क में भी शुरू करने की तैयारी चल रही है. बीते वर्ष पंजाब के लुधियाना में बिहार इन्वेस्टर मीट का आयोजन हुआ था. जिसमें उद्योग विभाग के प्रतिनिधियों ने पंजाब के सफल खाद्य प्रसंस्करण मॉडल का अध्ययन करने के लिए लुधियाना के मेगा फूड पार्क का दौरा किया. —– फूड पार्क में कोल्ड स्टोरेज हो रहा तैयार मोतीपुर स्थित मेगा फूड पार्क में आलू-प्याज के लिये कोल्ड स्टोरेज व केला पकाने से जुड़े मशीनरी को लेकर हाल में टेंडर निकाला गया था. जिसमें 5,000 मीट्रिक टन प्याज कोल्ड स्टोर के लिए संयंत्र और मशीनरी, 5,000 मीट्रिक टन आलू कोल्ड स्टोर के लिए संयंत्र और मशीनरी, केले पकाने के चैंबर संयंत्र और मशीनरी, लीची पैक हाउस के लिए संयंत्र और मशीनरी 6 मीट्रिक टन, प्री-कूलर व 50 एमटी कोल्ड स्टोर शामिल है. —–हाल में कैटल फीड कंपनी को मिली 15 एकड़ जमीन मेगा फूड पार्क में नये यूनिटों का विस्तार होने लगा है. रिकॉर्ड के तहत बीते दिनों में फूड पार्क में आधा दर्जन नये यूनिटों की संख्या बढ़ गयी है. जिसमें सभी यूनिट फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी है. ज्यादातर कैटल फीड, फ्रूट व एनिमल फीड से जुड़ी है. हाल में कैटल फीड कंपनी को 15 एकड़ जमीन आवंटित की गयी है. आंकड़ों के तहत मेगा फूड पार्क में यूनिटों की संख्या-20 के करीब पहुंच गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
