चोरों का तांडव, एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति उड़ाई

बिहार के मनियारी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया. लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी से ग्रामीण सहमे हुए हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे गांव में डर का माहौल है.

Triple House Theft: मनियारी थाना क्षेत्र के माड़ीपुर गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन घरों को निशाना बनाकर पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी. बेखौफ चोरों ने गांव के तीन अलग-अलग घरों में घुसकर नकद समेत लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया. एक ही रात में हुई चोरी की इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे गांव के लोग सहमे हुए हैं और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.

साजादा खातून और मोहम्मद चांद के घर से बड़ी चोरी

पीड़ितों द्वारा मनियारी थाने में दिए गए संयुक्त आवेदन के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले साजादा खातून के घर को निशाना बनाया. वहां से चोर दो मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये नकद और दो जोड़ी पाजेब समेत करीब 40 हजार रुपये की संपत्ति बटोर ले गए. इसके बाद चोरों ने मोहम्मद चांद के घर में धाबा बोला और वहां जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए रखे 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया.

लाल बाबू के घर को भी खंगाला, मुखिया प्रतिनिधि ने जताई चिंता

चोरों का तांडव यहीं नहीं रुका, उन्होंने लाल बाबू के घर में भी प्रवेश किया और वहां एक बैग में रखे तीन हजार रुपये नकद और कीमती कपड़े गायब कर दिए. घटना की सूचना मिलने के बाद रघुनाथपुर मधुवन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कालिकांत झा पीड़ितों के घर पहुंचे और घटना पर गहरा दुःख जताया. उन्होंने तुरंत मनियारी थानेदार को फोन कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, तफ्तीश शुरू

चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद पीड़ितों ने मनियारी थानाध्यक्ष से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है. पुलिस ने पीड़ितों से मिले आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस टीम गांव में पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. 

ये भी पढ़ें:नया टोला में नाले की सफाई न होने से डेंगू का खतरा, वरीय नागरिक संस्थान ने जताई चिंता



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >