बिहार पुलिस: मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में दर्ज करीब चार साल पुराने हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, जिस सोनू कुमार को मृत मानकर हत्याकांड दर्ज किया गया था, वह शुक्रवार को थाने पहुंच गया. जांच में पुलिस को पता चला कि उसने प्रेम-प्रसंग को बचाये रखने के लिए अपनी हत्या की झूठी साजिश रची थी.
मामला वर्ष 2022 का है. गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र निवासी धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने 9 नवंबर 2022 को थावे थाने में आवेदन दिया था. उन्होंने बताया था कि उनके छोटे भाई सोनू कुमार 6 नवंबर को दुकान का सामान खरीदने के लिए 50 हजार रुपये लेकर पटना निकले थे.
मोबाइल पर आया था हत्या का संदेश
पुलिस के अनुसार, उसी दिन शाम करीब पांच बजे सोनू के मोबाइल से व्हाट्सऐप पर एक ऑडियो प्राप्त हुआ था. इसमें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रुपये से भरा बैग छीनने और सोनू की हत्या कर देने की जानकारी दी गयी थी. साथ में खून से लथपथ सिर की तस्वीर भी भेजे जाने की बात कही गयी.
आवेदन के आधार पर थावे थाना में शून्य प्राथमिकी दर्ज कर मामला देवरिया थाना भेजा गया. इसके बाद देवरिया थाना में कांड संख्या 25/23 दर्ज कर हत्याकांड की जांच शुरू की गयी.
प्रेम-प्रसंग को बचाने के लिए रची साजिश
मामले की जांच के लिए एसएसपी मुजफ्फरपुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गयी थी. एसपी ग्रामीण के अनुश्रवण और एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में टीम ने मानवीय और तकनीकी पहलुओं से जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार, आगे की जांच में सामने आया कि कथित मृतक सोनू कुमार ने अपने प्रेम-प्रसंग को जारी रखने के लिए खुद की हत्या की झूठी कहानी तैयार की थी. जांच में यह भी पता चला कि 6 नवंबर 2022 को ही वह संबंधित युवती को लेकर दूसरे राज्य चला गया था.
युवती की मां ने भी दर्ज कराया था केस
पुलिस के अनुसार, युवती की मां ने अपनी बेटी के संबंध में थावे थाना में आवेदन दिया था. इसके आधार पर 6 दिसंबर 2022 को थावे थाना कांड संख्या 324/22 दर्ज किया गया था.
पुलिस की कार्रवाई और दबाव के बाद अब सोनू कुमार 17 सितंबर 2026 को थाने में उपस्थित हुआ. पुलिस ने उसे तथाकथित मृतक के रूप में बरामद किया है.
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार, सोनू कुमार के थाने पहुंचने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. जांच एजेंसियां अब यह भी देख रही हैं कि वर्ष 2022 में कथित हत्या की कहानी कैसे तैयार की गयी थी और इसमें अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.
यह भी पढे़ं:
