Muzaffarpur Roads Construction: मुजफ्फरपुर जिला के रामदयालुनगर-हाजीपुर रोड पर होटल अतिथि के सामने से निकलने वाली शहीद प्रमोद द्वार की जर्जर और संकीर्ण सड़क के दिन अब बहुरने वाले हैं. पथ निर्माण विभाग ने इस सड़क सहित शहर की तीन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नए सिरे से निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये से अधिक का संयुक्त टेंडर जारी कर दिया है. टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त तय की गई है. पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अंजनी कुमार ने बताया कि तीनों सड़कों को मिलाकर कुल साढ़े पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जायेगा. एक से डेढ़ महीने में टेंडर की कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी और अक्टूबर महीने से हर हाल में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जायेगा.
मंत्री खुद झेल चुके हैं बदहाल सड़क का दर्द
दरअसल, शेरपुर गांव वाली सड़क की मौजूदा स्थिति बेहद दयनीय है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और नाला न होने के कारण सालों भर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. बारिश के दिनों में यह सड़क नारकीय रूप ले लेती है. दो दिन पूर्व जब पथ निर्माण मंत्री मिठनपुरा-बेला इमली चौक रोड के चौड़ीकरण का शिलान्यास करने पहुंचे थे, तब उन्हें इसी जर्जर और पानी भरे रास्ते से गुजरना पड़ा था, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
इन तीन प्रमुख सड़कों की बदलेगी सूरत
होटल अतिथि के सामने से माधोपुर सुस्ता-शेरपुर सड़क (18 फीट चौड़ीकरण)
रामदयालुनगर-हाजीपुर रोड स्थित होटल अतिथि के सामने, शहीद प्रमोद पेट्रोल पंप के बगल से निकलने वाली सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 18 फीट की जायेगी और नये सिरे से निर्माण होगा. अभी यह सड़क बेहद संकीर्ण है और दोनों ओर अतिक्रमण है. 18 फीट चौड़ी बनने वाली इस सड़क के दोनों तरफ ढाई से तीन फीट चौड़ा आरसीसी नाला बनेगा. इस सड़क के बनने से हाजीपुर की तरफ से आने वाले वाहन रामदयालुनगर के भीषण जाम में फंसे बिना सीधे माधोपुर सुस्ता होते हुए कच्ची पक्की और समस्तीपुर रोड में निकल सकेंगे.
शेरपुर गांव से शेरपुर गुमटी-नारायणपुर रोड (18 फीट चौड़ीकरण)
मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर एनएच यानी कच्ची पक्की से आगे वन विभाग कार्यालय के समीप से शेरपुर गांव होते हुए शेरपुर गुमटी से नारायणपुर रोड तक न्यूनतम 18 फीट चौड़ी सड़क और दोनों तरफ नाले का निर्माण कराया जायेगा, जिससे ग्रामीणों को जलजमाव से पक्की मुक्ति मिलेगी. अभी इस सड़क की स्थिति काफी खराब है. शेरपुर मंदिर के समीप दोनों तरफ से रोड को अतिक्रमण कर लिया गया है.
बेला इमली चौक से बियाडा फेज-2-रोहुआ पूसा रोड (33 फीट चौड़ीकरण)
इमली चौक बेला से बियाडा फेज-2 के गेट से होते हुए सीधे रोहुआ पूसा रोड में मिलाने वाली सड़क को 33 फीट तक चौड़ा किया जायेगा. इस पूरी लेन में भी दोनों तरफ मजबूत आरसीसी नाले का प्रावधान किया गया है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र और आम यातायात को बड़ी सहूलियत मिलेगी. अभी बियाडा फेज 2 के गेट पर बड़े बड़े गड्ढे और जलजमाव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं.
यह भी पढ़ें... दाखिल-खारिज और परिमार्जन के लंबित मामलों के निष्पादन के लिए, 200 नए राजस्व कर्मचारियों की तैनाती
