मजदूर की दोनों आंखें निकालने की कोशिश, निर्मम हत्या, पत्नी-बच्चे गायब, सुबह दूध वाले ने देखी लाश

मुजफ्फरपुर में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई. उसका खून से लथपथ शव कमरे में मिला, वहीं पत्नी और दो बच्चे गायब हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

मुजफ्फरपुर मर्डर न्यूज: अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर छह मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहे मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर मुस्तफापुर निवासी उपेंद्र पासवान (35) के रूप में हुई है. शुक्रवार सुबह दूध देने पहुंचे ग्वाले ने कमरे में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी. घटना के बाद से मृतक की पत्नी और दो बच्चे गायब हैं.

कमरे में खून से लथपथ मिला शव

कमरे के बाहर छानबीन करती पुलिस टीम | सोर्स- प्रभात खबर

जानकारी मिलने के बाद अहियापुर थानेदार शरत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मकान मालिक से भी घटना के संबंध में जानकारी ली.

कमरे के अंदर उपेंद्र पासवान का शव जमीन पर पड़ा था. पुलिस की जांच के दौरान एस्बेस्टस वाले कमरे में साड़ी का फंदा बंधा हुआ मिला. इसको लेकर पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि फंदा कमरे में किस परिस्थिति में लगाया गया था.

आंखों पर मिले गहरे जख्म

पुलिस के अनुसार मृतक की दोनों आंखों पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं. प्रथम दृष्टया इन जख्मों की प्रकृति को देखते हुए किसी नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाये जाने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि घटना की वास्तविक वजह और हत्या में इस्तेमाल हथियार की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया. वैज्ञानिकों की टीम ने करीब दो घंटे तक कमरे की जांच की और अलग-अलग साक्ष्य एकत्र किए.

पत्नी और दो बच्चों की तलाश जारी

घटना के बाद से उपेंद्र पासवान की पत्नी और उसके दो बच्चे गायब हैं. दोनों बच्चों की उम्र छह और 10 वर्ष बतायी गयी है. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. साथ ही मृतक के मोबाइल फोन का भी पता लगाया जा रहा है, जिससे घटना से जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद है.

मृतक के पैतृक गांव में भी घटना की सूचना दे दी गयी है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

ढाई महीने पहले किराये पर आया था परिवार

मकान मालिक सेवानिवृत्त सूबेदार शिवशंकर सिंह ने बताया कि उपेंद्र पासवान करीब ढाई महीने पहले ही उनके मकान में किराये पर रहने आया था. कैंपस के ग्राउंड फ्लोर पर बने एस्बेस्टस के कमरे में वह पत्नी और बच्चों के साथ रहता था.

मकान मालिक के अनुसार पति-पत्नी के बीच कभी-कभार अनबन होती थी, लेकिन इसकी कोई शिकायत उनके पास नहीं आयी थी.

अहियापुर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि किराये के मकान में मजदूर का शव मिला है. उसकी पत्नी और बच्चे फिलहाल गायब हैं. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढे़ं:

"सर मैं जिंदा हूं... मरने का नाटक किया था...", पढ़िए कैसे युवक ने खुद रची हत्या की साजिश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >