Muzaffarpur News: जिले के बोचहां थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में जीविका समूह से जुड़ी एक महिला की मौत हो गई. घटना मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन (NH-27) पर भट्ठा चौक के समीप हुई. यहां स्कूटी सवार महिला को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. शव क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान में परेशानी हुई. बाद में शव के पास मिले आधार कार्ड से मृतका की पहचान हुई.
जीविका कार्यालय से स्कूटी से घर लौट रही थी महिला
मृतका की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के बरहद गांव निवासी अशोक झा की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पूजा कुमारी बोचहां स्थित जीविका कार्यालय से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान भट्ठा चौक के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
आधार कार्ड से हुई मृतका की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल किसी ने महिला की पहचान नहीं की. इसके बाद शव के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान पूजा कुमारी के रूप में की गई. पुलिस संबंधित थाना से संपर्क कर मृतका के नाम-पते का सत्यापन कर रही है.
क्षत-विक्षत शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को सावधानीपूर्वक एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. वहीं दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को जब्त कर बोचहां थाना लाया गया है. हादसे की सूचना के बाद मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई. पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है.
CCTV फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसके चालक तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है. इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके अलावा पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
थानाध्यक्ष ने कहा, मामले की जांच जारी
बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि स्कूटी सवार महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी जब्त कर ली गई है और मृतका के नाम-पते का सत्यापन कराया जा रहा है. अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है. मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: भूमिहार ब्राह्मण नाम में बदलाव पर आधुनिक जनता पार्टी का विरोध, पटना से दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी
