Muzaffarpur Railway News: भारतीय रेलवे के निर्देशानुसार पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत समस्तीपुर रेल मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों और रेलवे परिसरों में 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक व्यापक स्तर पर 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान, 'स्वच्छता पखवाड़ा' और 'स्पेशल कैंपेन 6.0' का आयोजन किया जाएगा. पूरे एक महीने तक चलने वाले इस सघन अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, पटरियों, कार्यालयों और आवासीय कॉलोनियों को पूरी तरह कचरा-मुक्त और स्वच्छ बनाने के साथ-साथ रेल यात्रियों व आम जनमानस की सीधी सहभागिता सुनिश्चित करना है. अभियान के तहत ट्रेनों के डिब्बों, शौचालयों और जल स्रोतों की गहन जांच व सफाई का खाका तैयार किया गया है.
17 सितंबर से 'स्वच्छता पाठशाला' के साथ होगा अभियान का आगाज
जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत 17 और 18 सितंबर को रेलवे स्कूलों में 'स्वच्छता पाठशाला' के आयोजन के साथ की जाएगी. इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच स्वच्छता पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, जागरूकता नुक्कड़ नाटक और डोनेशन ड्राइव का आयोजन होगा. इसके बाद रेलवे स्टेशनों के आसपास चिह्नित किए गए कचरा संवेदनशील बिंदुओं (Garbage Vulnerable Points) की युद्धस्तर पर सफाई की जाएगी. साथ ही प्लेटफॉर्मों पर लगे वाटर बूथ, वाटर स्टैंड्स, ट्रेनों के कोच और कोच शौचालयों की डीप क्लीनिंग व तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाएगी.
विश्व पर्यटन दिवस पर धरोहर स्थलों की सफाई, स्वच्छता मित्रों का सम्मान
अभियान की श्रृंखला में 27 सितंबर को 'विश्व पर्यटन दिवस' के अवसर पर रेलवे से जुड़े प्रमुख ऐतिहासिक व धरोहर स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. वहीं, 30 सितंबर को रेल परिसरों को साफ रखने में रात-दिन जुटे रहने वाले सफाई कर्मियों (स्वच्छता मित्रों) के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही उनके उत्कृष्ट योगदान को सराहते हुए सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा.
1 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी महा-श्रमदान और 'नो रेड एंड येलो स्पॉट' ड्राइव
पखवाड़े के अंतर्गत 1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' थीम पर राष्ट्रव्यापी महा-श्रमदान आयोजित किया जाएगा, जिसमें रेल अधिकारी, कर्मचारी और यात्री मिलकर श्रमदान करेंगे. 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सभी रेल परिसरों में स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी तथा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण किया जाएगा. इसके अलावा, पटरियों के दोनों ओर फैली गंदगी को हटाने के लिए ट्रैक-साइड क्लीनिंग, कबाड़ के पुनर्चक्रण के लिए 'कबाड़ से जुगाड़' प्रतियोगिता और प्लेटफॉर्म व दीवारों पर गुटखा-पान के धब्बे मिटाने के लिए विशेष 'नो रेड एंड येलो स्पॉट' ड्राइव अभियान का मुख्य आकर्षण रहेंगे.
ये भी पढ़ें: त्योहारों में कंफर्म टिकट की नो टेंशन, पूर्व मध्य रेलवे ने पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल को दिया सेवा विस्तार
