Husband Extra Marital Affair: मुजफ्फरपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र के भाभानगर मोहल्ले में एक महिला को उसके पति द्वारा दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि उसके पति का दो अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध है. जब भी वह इसका विरोध करती है, तो उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया जाता है. इस मामले में सदर थाने में पति समेत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर से लापता युवक का पटना में मिला लोकेशन, परिजनों में बढ़ी अनहोनी की आशंका
जमीन बेचकर दूसरी महिलाओं पर पैसे उड़ाने का आरोप
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 1991 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति का दो अन्य महिलाओं से संबंध है. पति घर की जमीन बेचकर उन महिलाओं को पैसे देता है और अक्सर उनके साथ ही बाहर रहता है. विरोध करने पर पत्नी को जान से मारने की धमकी दी जाती है. इसके साथ ही मायके से दहेज के रूप में पैसे लाने के लिए उसे मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि पीड़िता ने अपने पिता, भाई और बच्चों से कर्ज लेकर कई बार पति को पैसे दिए.
यह भी पढ़ें... मिथिला के मखाना का बड़ा जलवा, अब Delhi AIIMS की ऑफिशियल Diet Sheet में मिली जगह
दुकान पर मारपीट कर महिला की लज्जा भंग की
पीड़िता ने बताया कि बीते 3 जनवरी 2026 को उसे सूचना मिली थी कि एनएच 28 स्थित उनकी दुकान पर कोई महिला आई है, जिसके साथ उसके पति बाहर जाने की तैयारी कर रहे हैं. जब वह दुकान पर पहुंची, तो पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धक्का देकर बाहर निकाल दिया, जिससे उसकी लज्जा भंग हुई. इसके बाद 7 जून 2026 को जब पति घर लौटे, तो उन्होंने फिर से मारपीट की और उसे घर से निकालने व जान से मारने की धमकी दी. सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
