Accident News: मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताने-बेरई मुख्य सड़क पर महुली के समीप मंगलवार की शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बेरई गांव निवासी टुनटुन महतो का 13 वर्षीय पुत्र विक्रम और लक्ष्मण पासवान का 16 वर्षीय पुत्र आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया.
परिजनों को बिना बताए अस्पताल ले गए ट्रैक्टर मालिक
हादसे के बाद स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब ट्रैक्टर मालिक परिजनों को बिना कोई सूचना दिए दोनों गंभीर रूप से घायल बच्चों को इलाज के लिए किसी अज्ञात अस्पताल ले गए. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आक्रोशित परिजन मौके पर जुट गए और दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. परिजन अपने बच्चों की स्थिति जानने के लिए घंटों बदहवास इधर-उधर भटकते रहे.
पुलिस ने आरोपी के दरवाजे से जब्त किया ट्रैक्टर
घटना की सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. स्थिति की संवेदनशीलता और लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने बेरई निवासी ट्रैक्टर मालिक संजय राय के दरवाजे से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. ग्रामीणों के अनुसार हादसा के समय संजय राय का पुत्र ही ट्रैक्टर चला रहा था. इस घटना के बाद से गांव में गहरा तनाव व्याप्त है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
हथौड़ी थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. परिजनों द्वारा लिखित आवेदन मिलते ही दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
