Hdfc Atm Loot: जिले में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के पुलिसिया दावों के बीच एटीएम लुटेरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के एटीएम को गैस कटर से काटकर शातिर चोरों ने ₹3,77,700 उड़ा लिए. घटना गुरुवार देर रात करीब 3:24 बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही नगर डीएसपी टू विनीता सिन्हा और थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है.
सीसीटीवी पर स्प्रे मारा, 15 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार सवार 3-4 नकाबपोश अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने अपनी कार एटीएम से 50 मीटर पीछे खड़ी की थी.
- पहचान छिपाई: बूथ में घुसते ही बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे छिड़क दिया और कुछ कैमरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
- गैस कटर का इस्तेमाल: महज 15 मिनट के भीतर गैस कटर से एटीएम का कैश बोल्ट काटकर ₹3.77 लाख निकाल लिए.
- नुकसान: गैस कटिंग के दौरान एटीएम मशीन के कुछ कलपुर्जे भी जल गए हैं.
एफआईआर दर्ज, FSL और DIU जांच में जुटी
सुरक्षा एजेंसी 'सेफ सिक्योर' कंपनी के सुपरवाइजर मुकेश कुमार के आवेदन पर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. डीआईयू और पुलिस की टीम आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
हरियाणा के मेवात (नूंह) गैंग पर पुलिस को शक
जांच में जुटी पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले का अंतरप्रांतीय एटीएम लुटेरा गिरोह शामिल हो सकता है. पुलिस फिलहाल कार के रूट और सर्विलांस के आधार पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें:बगीचे में चल रही थी नकली शराब की मिनी फैक्ट्री, उत्पाद विभाग का धावा, तस्कर अंधेरे में फरार
