Muzaffarpur News: उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसकेएमसीएच की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. साहेबगंज थाना क्षेत्र से गोली लगने के बाद इलाज के लिए पहुंचे एक घायल युवक को अस्पताल में ट्रॉली उपलब्ध नहीं कराई गई. मजबूरी में युवक दाहिने पैर में गोली लगने के बावजूद दर्द से कराहते हुए लंगड़ाकर खुद ही एक्स-रे रूम तक पहुंचा.
SKMCH News: एक्स-रे के लिए पैदल जाने को हुआ मजबूर
जानकारी के अनुसार साहेबगंज थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुमार को गोली लगने के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच लाया गया था. प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने एक्स-रे कराने की सलाह दी. लेकिन अस्पताल में ट्रॉली उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल युवक को खुद पैदल ही एक्स-रे कक्ष तक जाना पड़ा.
परिजनों और लोगों ने जताई नाराजगी
घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद लोगों और परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई. उनका कहना था कि गंभीर रूप से घायल मरीज को भी समय पर ट्रॉली उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे उसे काफी दर्द और परेशानी का सामना करना पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए.
स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में इस तरह की स्थिति चिंताजनक है. गंभीर मरीजों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है. घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को लेकर फिर बहस शुरू हो गई है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे
