Muzaffarpur News: गोविंद शर्मा हत्याकांड में जेल में बंद आरोपित बाबुल चौधरी को कोर्ट से राहत नहीं मिली. मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी. मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि फरार शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
छोटी कल्याणी चौक के पास हुई थी हत्या
31 मई की रात नगर थाना क्षेत्र के छोटी कल्याणी चौक-अमर सिनेमा रोड के पास आइकान टावर स्थित एक अपार्टमेंट में शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. घटना के बाद मृतक की पत्नी रीना ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
तीन लोगों को बनाया गया था नामजद आरोपित
प्राथमिकी में कुमार रणंजय ओंकार, बाबुल चौधरी और गोविंद की प्रेमिका डॉ. जैस्मीन परवीन को नामजद आरोपित बनाया गया था. पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपितों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.
ओंकार, बाबुल और सौरव जेल भेजे गये
मामले में पुलिस ने कुमार रणंजय ओंकार, बाबुल चौधरी और सौरव कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अब बाबुल चौधरी की जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसे फिलहाल जेल में ही रहना होगा.
फरार शूटर राजा सिंह की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार साहेबगंज थाना क्षेत्र के प्रतापट्टी परसौनी निवासी फरार शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले में फरार आरोपित की तलाश के साथ हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: अंडा खरीदकर लौट रहे युवक पर किया था चाकू से हमला, अब मिली तीन साल की सजा
