Govind Sharma Murder Case: मुजफ्फरपुर के चर्चित शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. केस के अनुसंधानकर्ता और नगर थानाध्यक्ष ने साहेबगंज निवासी शूटर राजा सिंह के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है. वारंट जारी होने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं, इस मामले में नामजद आरोपी डॉ. जैस्मीन परवीन की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई फिलहाल टल गई है.
राजा सिंह की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश
पुलिस के अनुसार, साहेबगंज इलाके के रहने वाले शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. कोर्ट से वारंट मिलने के बाद नगर थाना पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके.
डॉ. जैस्मीन की अग्रिम जमानत पर आज होगी सुनवाई
गोविंद शर्मा हत्याकांड में नामजद आरोपी पटना की डॉ. जैस्मीन परवीन की अग्रिम जमानत याचिका पर बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी. केस के अनुसंधानकर्ता ने अदालत से उनका आपराधिक इतिहास प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा. अब जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-8 प्रोतिमा परिहार की अदालत में इस याचिका पर 16 जुलाई को सुनवाई होगी.
31 मई को हुई थी शूटर गोविंद शर्मा की हत्या
गौरतलब है कि 31 मई की रात नगर थाना क्षेत्र के छोटी कल्याणी चौक-अमर सिनेमा रोड स्थित आइकॉन टावर के एक अपार्टमेंट में शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद उनकी पत्नी रीना ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. एफआईआर में कुमार रणंजय ओंकार, बाबुल चौधरी और गोविंद की कथित प्रेमिका डॉ. जैस्मीन परवीन को नामजद आरोपी बनाया गया था.
अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस इस मामले में अब तक कुमार रणंजय ओंकार, बाबुल चौधरी और सौरव कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, फरार आरोपियों की तलाश और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई लगातार जारी है.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में तीन आरोपितों पर आरोप तय, 28 जुलाई को अगली सुनवाई
