Food Safety Raid: मुजफ्फरपुर जिले में आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और अमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से विभाग की टीम ने शहर के व्यस्त काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया. विभागीय टीम के इस औचक निरीक्षण से इलाके के अवैध व मिलावटी कारोबारियों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही.
Food Sample Lab Test: स्वीट्स हाउस से 20 किलो दूषित मिठाई जब्त
विभागीय अधिकारियों को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में बासी और मिलावटी मिठाइयां बेची जा रही हैं. गुप्त सूचना के आधार पर फूड सेफ्टी अफसरों की टीम ने काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुक्तिनाथ मंदिर के समीप स्थित एक प्रसिद्ध स्वीट्स हाउस में औचक जांच की. दुकान के भीतर निरीक्षण के दौरान लगभग 20 किलोग्राम बासी, दूषित और अस्वास्थ्यकर मिठाई बरामद की गई. प्राथमिक जांच में यह मिठाई इंसानी उपयोग के बिल्कुल अयोग्य पाई गई, जिसके बाद टीम ने उसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया.
डेयरी प्रतिष्ठानों पर भी चला सघन जांच अभियान
स्वीट्स हाउस के अलावा खाद्य सुरक्षा टीम ने आसपास संचालित डेयरी प्रतिष्ठानों पर भी दबिश दी. टीम ने दूध, पनीर, खोया और अन्य दुग्ध उत्पादों के रख-रखाव, निर्माण स्थल की साफ-सफाई और उनकी गुणवत्ता की गहन पड़ताल की. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी हाल में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई होगी.
लैब जांच के लिए सुरक्षित किए गए नमूने
कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान में मौजूद अन्य विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और कच्ची सामग्रियों के विधिक नमूने (सैंपल) सीलबंद कर सुरक्षित रख लिए हैं. अधिकारियों ने बताया कि जब्त नमूनों को गुणवत्ता और रासायनिक जांच के लिए सरकारी लैब भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट में मिलावट अथवा हानिकारक तत्वों की पुष्टि होने पर संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई और न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें... डिलीवरी के बाद निजी अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने किया भारी हंगामा
