Greenfield Township Protests: जिले में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना के विरोध में 'किसान मजदूर संगठन बिहार' के बैनर तले एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. समाहरणालय परिसर में सुबह 10:00 बजे से शुरू हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों और मजदूरों ने हिस्सा लिया.
'जमीन हमारी, अधिकार हमारा', नारों से गूंजा समाहरणालय परिसर
संगठन के संस्थापक-सह-अध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य टाउनशिप योजना के नाम पर उपजाऊ जमीनों के अधिग्रहण को रोकना और किसानों के अधिकारों की रक्षा करना है. आंदोलन को धार देने के लिए किसानों ने "निकलो खेत-खलिहानों से, लड़ना है बेईमानों से" और "जमीन हमारी अधिकार हमारा, निर्णय हमारा" जैसे गगनभेदी नारों के साथ समाहरणालय परिसर को गुंजायमान कर दिया.
आशियाने और रोजगार पर संकट का आरोप
किसान नेताओं का आरोप है कि ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना के लागू होने से स्थानीय किसानों और कृषि पर निर्भर मजदूरों के आशियाने व रोजगार पर गहरा संकट मंडरा रहा है. नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार और प्रशासन विकास के नाम पर उपजाऊ भूमि को जबरन अधिग्रहित करने की कोशिश कर रही है. जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जिला प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
एक दिवसीय धरने के माध्यम से संगठन के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को एक मांग पत्र भी सौंपा. जिसमें टाउनशिप योजना की नए सिरे से समीक्षा करने और किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है.
ये भी पढ़ें: ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से ने बच्चों को सिखाए शतरंज की चालों के गुर, प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
