मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में फर्जी सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12 लाख की सिगरेट और करोड़ों की मशीन जब्त

मुजफ्फरपुर जिले में एक बड़ी फर्जी सिगरेट निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 12 लाख रुपये मूल्य की नकली सिगरेट और करोड़ों की मशीनें जब्त की हैं। आईटीसी कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।

Fake Cigarette Factory: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत तुर्की थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध और नकली सिगरेट के एक बड़े काले कारोबार का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने सकरी सरैया पंचायत के छोटी लुक्किनंदलालपुर स्थित चौड़ में संचालित एक फर्जी सिगरेट निर्माण फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य की नकली सिगरेट और निर्माण में प्रयुक्त करोड़ों रुपये की आधुनिक मशीनें जब्त की हैं.

आईटीसी प्रतिनिधि की शिकायत पर हुई कार्रवाई

दिल्ली से आए आईटीसी (ITC) कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि रिशु मिश्रा ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को इस अवैध फैक्ट्री के संचालन की लिखित शिकायत दी थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ (पश्चिमी-2) एसी ज्ञानी और तुर्की थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मंगलवार की देर रात चिह्निंत ठिकाने पर छापेमारी की. हालांकि पुलिस के आने की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक और कर्मी मौके से फरार हो गए.

25 कार्टन में बंद 12 लाख की सिगरेट बरामद

बुधवार को पुलिस दोबारा आईटीसी कंपनी के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में लोकप्रिय ब्रांड 'गोल्ड फ्लैक' के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी. मौके से सिगरेट बनाने वाली आधुनिक मशीनों के साथ-साथ 25 कार्टन में पैक रखी लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की तैयार नकली सिगरेट जब्त की गई.

सीसीटीवी से निगरानी और दो किराए के गोदाम सील

कार्रवाई के दौरान यह बात सामने आई कि यह अवैध धंधा 'एसएमएम टोबैको प्राइवेट लिमिटेड' के नाम से चलाया जा रहा था. धंधे को छुपाने के लिए मुख्य गेट पर इस नाम का बोर्ड लगाया गया था और आसपास नजर रखने के लिए दूर-दूर तक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. इसके अलावा माल स्टोर करने के लिए लुक्की में दो अलग-अलग जगहों पर किराए के मकानों में गोदाम बनाए गए थे. पुलिस ने फैक्ट्री और दोनों गोदामों को सील कर दिया है तथा अंचल कार्यालय से जमीन मालिकों का ब्योरा मांगा है.

यह भी पढ़ें...जिनके कंधों पर शराबबंदी की जिम्मेदारी, वही छलका रहे जाम,


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajay kumar

Published by: Sumit Kumar

फिलहाल प्रभात खबर में संपादक, बिहार के तौर पर कार्यरत। प्रशिक्षु पत्रकार के रूप में प्रभात खबर से अक्टूबर, 1990 से शुरुआत। 35 साल से पत्रकारिता के दौरान विभिन्न अखबारों में सभी तरह की जिम्मेवारी व दायित्व का निर्वहन। रांची और जमशेदपुर में भी काम किया। एक बड़े डिजिटल समूह में बिहार से रिपोर्टिंग की। राजनीति, सरकार की नीतियों, अर्थव्यवस्था, ग्रामीण बिहार पर रिपोर्टिंग। सुरेंद्र प्रताप सिंह युवा पत्रकारिता सम्मान प्राप्त।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >