Electricity Theft Maniyari: जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की विजिलेंस और छापेमारी टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ एक विशेष और सघन अभियान चलाया. इस त्वरित कार्रवाई के तहत विभागीय अधिकारियों ने तीन बड़े उपभोक्ताओं को सीधे और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए रंगेहाथ पकड़ा है. इन उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही चोरी से बिजली विभाग को हर महीने हजारों रुपये के राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था.
जूनियर इंजीनियर सुजीत कुमार के नेतृत्व में बनी थी टीम
कनीय विद्युत अभियंता (मनियारी) सुजीत कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित विद्युत विभाग की एक विशेष टीम ने सोनबरसा पंचायत के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में औचक छापेमारी की. जांच के दौरान गोदनी गांव के रहने वाले मो. रहमान को मुख्य एलटी तार से सीधे टोका फंसाकर अवैध रूप से अपने घरों में बिजली चोरी करते हुए पाया गया. विभागीय आकलन के अनुसार, इस चोरी से बिजली कंपनी को कुल 9,426 रुपये के राजस्व की सीधी क्षति पहुंची है.
मीटर से पहले कटिंग कर हॉलीवुड ड्राईक्लिनर्स में हो रही थी चोरी
इसी क्रम में छापेमारी टीम ने ग्राम मोहम्मदपुर आलम की रहने वाली वीमल देवी और ग्राम गोदनी स्थित हॉलीवुड ड्राईक्लिनर्स के संचालक मुकेश कुमार को भी पकड़ा. ये दोनों अपने परिसर में मुख्य मीटर से ठीक पहले सर्विस तार में अवैध रूप से कटिंग कर बाईपास के जरिए बिजली का बड़े पैमाने पर उपयोग कर रहे थे. इनसे विभाग को क्रमशः ₹10,492 और ₹10,355 के वित्तीय राजस्व का नुकसान आंका गया है.
मनियारी थाने में विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
कनीय अभियंता सुजीत कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर मनियारी थाने में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामला दर्ज करने के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. विभाग के इस कड़े रुख और औचक छापेमारी अभियान से इलाके के अन्य अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वाले धंधेबाजों और उपभोक्ताओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
ये भी पढ़ें: विदेशों में भी सूनी नहीं रहेगी भाइयों की कलाई, डाक विभाग की विशेष इंटरनेशनल पैकेट सेवा शुरू
