देश में अमन और भाईचारे की दुआ के साथ मनी ईद

देश में अमन और भाईचारे की दुआ के साथ मनी ईद

शहर में धूमधाम से मनायी गयी ईद, ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों की रही भीड़ उपमुख्य संवाददाता, मुजफ्फरपुर खुशियों और आपसी मिल्लत का त्योहार ईद सोमवार को धूमधाम से मनाया गया. नमाज पढ़ने के लिये सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों की भीड़ जुटी. नये कपड़े, टोपी के साथ सुगंधित अतर लगा कर लोग ईद की नमाज पढ़ने पहुंचे. निर्धारित समय पर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गयी. बड़ी ईदगाह, कंपनीबाग के जामा मस्जिद, बारह मीना मस्जिद, कमरा मुहल्ला के जामा मस्जिद में लोगों की अधिक भीड़ रही. नये कपड़ों में आये बच्चे अधिक खुश थे. बच्चों ने अभिभावकों के साथ नमाज पढ़ी. मौलाना के साथ सभी ने अपने समाज, शहर और देश की तरक्की की दुआ मांगी. नमाज के समय ईदगाह के बाहर मुबारकबाद देने के लिये लोगों की भीड़ जुटी रही. विभिन्न धर्म के लोगों ने नमाज के बाद बाहर निकलने वाले लोगों के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. मीठी सेवइयों से की गयी अतिथियों की मेजबानी ईद के मौके पर आने वाले अतिथियों का मीठी सेवइयों से स्वागत किया गया. घर आने वाले लोगों को ईद की मुबारकबाद दी गयी. इसके बाद सेवइयों के साथ अन्य पकवान परोसे गये. घरों में रात तक अतिथियों का आना जारी रहा. शाम में लोगों ने अपने रिश्तेदारों और मित्रों के घर जाकर ईद का जश्न मनाया. त्योहार के मौके पर बच्चे काफी उत्साहित रहे. शाम में क्लब रोड स्थित गोलगप्पे और फास्ट फूड की दुकानों पर अच्छी भीड़ रही. इसके अलावा जुब्बा सहनी पार्क में भी काफी संख्या में अभिभावक बच्चों को लेकर पहुुंचे थे. त्योहार के कारण शहर के कई इलाके बंद रहे. ईद की नमाज से पहले निकाला गया फितरा ईद की नमाज से पहले लोगों ने जकात और फितरा दिया. मौलाना वेकार अहमद रिवजी ने कहा कि इसके पीछे मान्यता है कि हजरत मुहम्मद साहब अपना जीवन न्यूनतम चीजों के साथ व्यतीत करना पसंद करते थे. वे अधिक खर्च वाली जीवन शैली के समर्थक नहीं थे. समाज में हमेशा एक वर्ग ऐसा होता है कि जिसके सामने आर्थिक चुनौतियां होती है. अगर आप फिजुलखर्ची छोड़ कर इनकी सहायता करते हैं तो उनका जीवन आसान हो जाता है, इसलिये ईद की नमाज फितरा दिये बिना अधूरी हो जाती है. नमाज अदा करने से पहले जकात अल फितरा की एक निर्धारित राशि परिवार को जरूरतमंदों को देनी होती है. ईद कमजोर वर्ग के लोगों को मदद करने के लिये भी प्रोत्साहित करता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRASHANT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >