अक्षय तृतीया पर बाजार में उमड़ी भीड़, करोड़ों का कारोबार

Crowd gathered in the market on Akshaya Tritiya

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

अक्षय तृतीय जिसे मिनी धनतेरस के रूप में लोग मनाते हैं, इस दिन सोना खरीदना बहुत शुभ माना जाता है. इसको लेकर सर्राफा मंडी सुबह से लेकर देर रात तक गुलजार रही. मंडी की दुकानें पूरी तरह से सजी हुई थी. सोना के भाव तेज होने के कारण व्यवसायियों में जो असमंजस की स्थिति थी उसे ग्राहकों की भीड़ ने दूर कर दिया. दोपहर बाद बाजार में रौनक बढ़ी, दुकानों में ग्राहकों की अच्छी खासी उपस्थिति रही. सोना की कीमत अधिक होने के कारण हल्के गहनों की अच्छी खासी खरीदारी हुई. इसमें ग्राहकों ने नाक की कील, झुमके, टॉप्स, चैन, रिंग, छल्ला, कड़ा, कंगन, नेक सेट आदि की खरीदारी की. वहीं चांदी में बाला, पायल, ब्रासलेट आदि की बिक्री हुई. सबसे अधिक बिक्री कान के टॉप्स, कील, छल्ला और चैन की रही. हीरे के अंगुठी की भी बिक्री हुई. ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों द्वारा मेकिंग चार्ज पर अच्छी खासी छूट दी जा रही थी. ग्राहकों ने अपने बजट के हिसाब से खरीदारी की. लग्न के अलावा भी नये ग्राहक खरीदारी करने पहुंचे.

सर्राफा मंडी के अलावा शहर स्थित ब्रांडेड कंपनी के शोरूम में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देर रात तक जमी रही. इन शोरूम में हाल यह था कि एक ग्राहक के जाते ही दूसरे ग्राहक सामने बैठ रहे थे. कई ग्राहकों ने इस विशेष अवसर पर पहले से ही बुकिंग करा रखी थी. जो आये और अपना पेमेंट फाइनल करते हुए सामान लेकर निकल गये. डायमंड रिंग और डायमंड के पेंडेंट लगे चैन की अच्छी खासी बिक्री हुई. सोने की कीमत अधिक होने के कारण हल्के वजन वाले गहने की बिक्री जमकर हुई. स्थिति यह थी शोरूम के आसपास गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं थी, लग्जरी गाड़ियों की लंबी लाइन लगी हुई थी. इधर सर्राफा संघ के महामंत्री विश्वजीत कुमार ने बताया कि अभी लग्न को लेकर बाजार में भीड़ है, अक्षय तृतीय पर ग्राहकों ने खरीदारी की, लेकिन व्यवसायियों को जो उम्मीद थी वैसी नहीं रही. कुछ खास दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही.

इलेक्ट्रॉनिक्स व ऑटोमोबाइल्स सेक्टर में हुई खरीदारी

इस शुभ मौके पर लोगों ने इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में जमकर खरीदारी की. इसमें सबसे अधिक बिक्री एसी, फ्रीज और वॉशिंग मशीन की हुई. गर्मी को लेकर एसी व फ्रीज की डिमांड है. इसके साथ ही बाजार में 8000 से लेकर 16000 रुपये के कूलर की जमकर बिक्री हुई. ऑटोमोबाइल्स सेक्टर भी कई करीब सात सौ बाइक और 150 कार की डिलीवरी की गयी. कई लोगों ने इस विशेष दिन पर गाड़ी लेने के लिए पहले से ही बुकिंग करा रखी थी. सुबह से ही शोरूम में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ जमी रही. अक्षय तृतीया को लेकर लोगों को उपहार के साथ गाड़ी के कीमत में नकद छूट दी गयी है. इसके अलावा लोन के प्रोसेसिंग चार्ज में छूट दी जा रही थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >