सफाई कर्मचारी हड़ताल: मुजफ्फरपुर में संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर दूसरे दिन और गहरा गया. नगर निगम समेत जिले के सभी नगर निकायों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. पवित्र श्रावणी मेले के बीच शहर की सड़कें और मोहल्ले कचरे के ढेर में तब्दील हो गए हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं. दो दिनों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव बंद रहने से लोगों के घरों में भी कचरा जमा होने लगा है.
श्रावणी मेले के बीच सफाई व्यवस्था ठप
सालों से कार्यरत संविदा कर्मियों की सेवा नियमित करने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 'समान काम, समान वेतन' देने की मांग को लेकर महासंघ के आह्वान पर हड़ताल जारी है. इसका सबसे अधिक असर श्रावणी मेले के दौरान देखने को मिल रहा है. दूर-दराज से आने वाले कांवरियों और स्थानीय लोगों को गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है.
शहर की प्रमुख सड़कें कचरे से पटीं
हड़ताल के कारण जवाहरलाल रोड, तिलक मैदान, सरैयागंज टावर-सिकंदरपुर रोड, स्टेशन रोड, अघोरिया बाजार, कांवरिया पथ, आमगोला, आरडीएस कॉलेज रोड सहित शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं. लगातार बारिश के कारण बदबू और गंदगी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
नगर निगम कार्यालय का घेराव
शुक्रवार सुबह हड़ताली कर्मचारी पुरानी गुदरी रोड स्थित बहलखाना परिसर में एकत्र हुए. यहां नारेबाजी के बाद उन्होंने जुलूस निकालकर नगर निगम कार्यालय का घेराव किया और कार्यालय का कामकाज ठप करा दिया. कर्मचारियों ने निगम के दफ्तरी कर्मचारियों से भी हड़ताल के समर्थन की अपील की.
आज थाली बजाकर करेंगे प्रदर्शन
यूनियन नेता अशोक राय ने बताया कि शनिवार सुबह सभी हड़ताली कर्मचारी अपने-अपने घरों से थाली लेकर निकलेंगे और पूरे शहर में थाली बजाते हुए जुलूस निकालेंगे. उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन के जरिए सरकार और नगर निगम प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया जाएगा. उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन और तेज किया जाएगा.
कार्यालय में कामकाज भी हुआ प्रभावित
प्रदर्शन के दौरान नगर आयुक्त कार्यालय में मौजूद थे. कर्मचारियों के प्रदर्शन और भीड़ को देखते हुए वे वहां से निकल गए. इसके बाद कार्यालय के अन्य कर्मियों ने भी काम बंद कर सफाई कर्मियों के आंदोलन का समर्थन किया.
यह भी पढे़ं: "डाक्टर साहब मेरा बच्चा मुझे लौटा दो..." चलती गाड़ी से गिरा मासूम तो सड़क पर कूद पड़ी मां
