BPSC Result 2026: 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में मिठनपुरा थाना क्षेत्र के वीसी लेन निवासी सुशांक झा का चयन राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) पद पर हुआ है. उन्होंने 593वीं रैंक हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है.
IIIT Delhi से M.Tech, अब प्रशासनिक सेवा में बनाएंगे पहचान
सुशांक झा, संजय कुमार झा और रेखा झा के पुत्र हैं. उन्होंने प्रतिष्ठित IIIT Delhi से M.Tech की डिग्री प्राप्त की है. तकनीकी शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में करियर बनाने का फैसला किया और लगातार प्रयास के बाद सफलता हासिल की.
उनकी उपलब्धि से परिवार, मित्रों और पूरे मिठनपुरा इलाके में खुशी का माहौल है. बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा हुआ है.
यह भी पढ़ें: रेलवे प्वाइंटमैन की नौकरी करते-करते सेल्फ स्टडी के बल पर डीएसपी बन गए राजू
69वीं BPSC में असफलता, 70वीं में मिली सफलता
सुशांक ने बताया कि 69वीं बीपीएससी परीक्षा में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाए थे. हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी का गंभीरता से विश्लेषण किया.
उन्होंने अपनी कमजोरियों को पहचाना, अध्ययन पद्धति में बदलाव किया और नई रणनीति के साथ तैयारी शुरू की. इसी का परिणाम रहा कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा में उन्हें सफलता मिली.
कड़ी मेहनत और नई रणनीति से हासिल किया मुकाम
सुशांक के अनुसार किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए निरंतरता, आत्मविश्लेषण और सही रणनीति बेहद जरूरी है. उन्होंने अपनी पुरानी गलतियों को सुधारते हुए तैयारी की दिशा बदली और लक्ष्य हासिल किया.
परिजनों का कहना है कि उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
सुशांक की सफलता उन अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा है जो किसी परीक्षा में असफल होने के बाद निराश हो जाते हैं. उन्होंने साबित किया कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सीखने और बेहतर तैयारी का अवसर होती है.
उनकी उपलब्धि पर मित्र आशीष सोनू समेत कई लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
यह भी पढ़ें: BPSC में सफलता, जिले के दो युवाओं ने बढ़ाया मान
