मुजफ्फरपुर में दिव्यांगों को मिली बड़ी सौगात! डीएम कुमार गौरव ने बांटी बैट्री चालित ट्राइसाइकिल, दिए ₹1-₹1 लाख के एफडी सर्टिफिकेट

मुजफ्फरपुर में जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की है. मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना के तहत बैट्री चालित ट्राइसाइकिल और ₹1-₹1 लाख की एफडी वितरित की गई.

Muzaffarpur Divyangjan Sambal Yojana: समाज के कमजोर, वंचित एवं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के अंतर्गत आज समाहरणालय परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कुमार गौरव ने 10 चयनित एवं पात्र दिव्यांग लाभुकों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की. इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभुकों को आर्थिक अनुदान के सावधि जमा प्रमाण पत्र और पेंशन स्वीकृति आदेश वितरित किए गए.

आवागमन होगा सुगम, शिक्षा और रोजगार से जुड़ेंगे दिव्यांगजन: डीएम

इस अवसर पर उपस्थित लाभुकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि दिव्यांगजनों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने बताया कि बैट्री चालित ट्राइसाइकिल मिलने से दिव्यांगजनों का आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा. इससे वे शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों से आसानी से जुड़ सकेंगे. उन्होंने कहा कि गतिशीलता बढ़ने से दिव्यांग साथी अपने दैनिक कार्यों को बिना किसी पर निर्भर हुए अधिक आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ पूरा कर सकेंगे.

विवाह योजनाओं में ₹1-₹1 लाख की एफडी और 5 लाभुकों को पेंशन स्वीकृति

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सामाजिक समरसता और प्रोत्साहन योजनाओं के तहत भी लाभुकों को लाभान्वित किया. उन्होंने मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के एक लाभुक और मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के एक लाभुक को ₹1-₹1 लाख की राशि का सावधि जमा प्रमाण पत्र (Fixed Deposit) प्रदान किया. इसके अलावा, सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत चिन्हित 5 नए पात्र लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का स्वीकृति आदेश पत्र सौंपा गया, जिससे उन्हें नियमित आर्थिक संबल मिल सकेगा.

पारदर्शिता और संवेदनशीलता से योजनाओं का क्रियान्वयन करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) को सख्त निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभुकों के चयन व पहचान की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए. उन्होंने जोर दिया कि कोई भी वास्तविक और जरूरतमंद पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

लाभुकों ने जताया जिला प्रशासन का आभार

बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्राप्त करने वाले दिव्यांग लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जताई. लाभुकों का कहना था कि पहले आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस स्वचालित ट्राइसाइकिल की मदद से वे अपने जरूरी कामकाज, बाजार, दफ्तर या रोजगार स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे. इस वितरण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी), नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी), सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) सहित जिला प्रशासन के कई अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Premanshu shekhar

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >