Bihar Weather: उत्तर बिहार के जिलों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 अगस्त से 2 सितंबर के बीच क्षेत्र में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. वहीं 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है.
30 अगस्त से बारिश में आएगी तेजी
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमान अवधि के अधिकांश दिनों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे. 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच उत्तर बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश भी हो सकती है.
इस दौरान बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर, सीवान, वैशाली, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में बारिश की संभावना जताई गई है.
32 से 36 डिग्री के बीच रहेगा अधिकतम तापमान
पूर्वानुमान अवधि में दिन का अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं रात का न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
बारिश और बादलों के बावजूद हवा में नमी का स्तर काफी अधिक रहेगा. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जबकि दोपहर में यह 50 से 55 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है.
25 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा
मौसम के दौरान मुख्य रूप से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवाएं चलने की संभावना है. इनकी गति 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
बारिश के साथ तेज हवा चलने की स्थिति में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
किसानों को जल निकासी की व्यवस्था रखने की सलाह
बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी है. कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और बारिश के दौरान खेतों में कीटनाशक या उर्वरक का छिड़काव नहीं करने को कहा गया है.
किसानों को तेज हवा और बारिश के दौरान खेतों में जाने से बचने तथा मौसम की स्थिति के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा-जयनगर समेत कई ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में बदलाव, यात्रा से पहले जानें पूरी जानकारी
