20 दिसंबर से बिहार के इस शहर में लागू होगा नया ट्रैफिक नियम, तय रूट से चलेंगे ऑटो, जोन में बंटेगा शहर

Bihar Traffic New Rule: मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, फॉगिंग, एंटी-लार्वा, कचरा प्रबंधन और लेकफ्रंट विकास को बेहतर बनाने के लिए व्यापक समीक्षा की. डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सभी निकायों को 20 दिसंबर तक सभी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए.

Bihar Traffic New Rule: मुजफ्फरपुर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित करने को लेकर डीएम सुब्रत कुमार सेन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट ऑफिस में बैठक की जिसमें नगर निकाय के कार्य की समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, फॉगिंग, एंटी-लार्वा, हाई मास्ट लाइट, नल का जल, आवास योजनाएं, शहरी विकास परियोजनाएं, कचरा प्रबंधन और लेकफ्रंट विकास को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. बैठक में 20 दिसंबर से शहर में लागू करने का निर्णय लिया गया.

ट्रैफिक का नया नियम पालन कराने को कमेटी गठित

मुजफ्फरपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग तथा बीच सड़क पर रुकने की समस्या को दूर करने हेतु डीएम सुब्रत कुमार सेन व एसएसपी सुशील कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर एक उच्च स्तरीय कमिटी का गठन किया है. अध्यक्षता नगर आयुक्त करेंगे.

कमेटी सदस्यों में सिटी एसपी, डीटीओ, एसडीओ पूर्वी, डीएसपी ट्रैफिक, एसडीपीओ शहरी वन व टू शामिल हैं. टीम का दायित्व ऑटो का रूट तय कर उसे लागू करना है. कलर कोडिंग के आधार रूट को व्यवस्थित करने, वेंडिंग जोन को चिह्नित कर पहचान पत्र जारी करने, पिक एंड ड्रॉप के लिए 20 चयनित स्थान को सक्रिय करेंगे.

बैठक में बताया गया कि 20 दिसंबर तक जोनिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा. सभी रूटों को फंक्शनल कर दिया जाएगा. इससे प्रमुख चौक-चौराहे कल्याणी, चंदवारा, सरैयागंज, मिठनपुरा, मोतीझील पर अनियंत्रित पार्किंग और जाम की समस्या से राहत मिलेगी. डीएम ने एसडीएम और डीटीओ को प्रतिदिन बैठक कर निर्णयों को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया है.

नया ट्रैफिक प्लान

ऑटो और ई-रिक्शा निर्धारित स्थानों पर ही रुकेंगे. दुकानों के सामने अवरोध कम होंगे. मुख्य बाजारों में पैदल यात्रियों को राहत सड़क की प्रभावी चौड़ाई बढ़ेगी. एंबुलेंस जैसी आपात सेवाएं सुचारु रूप से चल सकेंगी. अवैध ठेलों और अनियमित पार्किंग पर नियंत्रण होगा.

हर वार्ड में साफ-सफाई पर जोर

समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हर वार्ड में अलग-अलग सफाई टीम गठित कर जिम्मेदारियों को तय किया जाए. प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो. उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट और हाइमास्ट लाइट का नियमित निरीक्षण हो. खराब लाइटों की मरम्मत तुरंत की जाए, ताकि रात में कोई क्षेत्र अंधेरे में न रहे.

डीएम ने फॉगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियों को अभियान के रूप में जारी रखने की सख्त हिदायत दी. उन्होंने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए यह कार्य अत्यंत आवश्यक है. डीएम ने कहा कि फॉगिंग और एंटी लार्वा दोनों मिलकर शहर को मच्छर-मुक्त बनाने में निर्णायक होगा.

सिकंदरपुर लेकफ्रंट के विकास पर भी विशेष ध्यान

बैठक में अधिकारियों को अवगत कराया गया कि सिकंदरपुर लेकफ्रंट के लिए 9 दिसंबर को प्री-बिड मीटिंग आयोजित की जाएगी. लेकफ्रंट को आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. डीएम ने सभी कार्यपालक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने निकाय क्षेत्र के हर वार्ड में लोगों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दें.

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या परिवार को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है. बैठक में नगर आयुक्त विक्रम वीरकर, एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार, डीटीओ कुमार सत्येंद्र यादव सहित सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: 8 दिसंबर से एक्सप्रेस ट्रेन बनकर चलेगी वैशाली और सुपौल-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जानिए क्या-क्या बदल जायेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >